ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच आज (13 फरवरी) तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला गया जिसे कैरिबियाई टीम 37 रनों से अपने नाम किया। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज को 2-1 से जीत लिया। इस मैच में आंद्रे रसेल और शेरफेन रदरफोर्ड ने जमकर रनों की बरसात की। दोनों ने 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभाकर बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
रसेल और रदरफोर्ड के नाम हुआ सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रदरफोर्ड और रसेल के बीच छठे विकेट के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे बड़ी साझेदारी हुई। टी20 क्रिकेट के इतिहास में अब तक ऐसा तीन बार हुआ है जब छठे विकेट के लिए 100 रन से अधिक की साझेदारी हुई है। 2010 में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की तरफ से माइकल हंसी और कैमरन व्हाइट ने श्रीलंका के खिलाफ छठे विकेट के लिए नाबाद 101 रनों की साझेदारी निभाई थी। इसके बाद पीएनजी के दो खिलाड़ियों ने सिंगापुर के खिलाफ 115 रनों की भागीदारी की। अब ये रिकॉर्ड रदरफोर्ड और रसेल के नाम हो गया है।
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए रसेल
बात करें इस मैच की तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैरिबियाई टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। 79 रनों पर वेस्टइंडीज पांच विकेट खो चुकी थी। ऐसे में छठवें नंबर पर उतरे आंद्रे रसेल और सातवें पर बल्लेबाजी के लिए आए शेरफेन रदरफोर्ड टीम के लिए संकटमोचक साबित हुए। दोनों के बीच 139 रनों की शानदार साझेदारी हुई। रसेल ने इस मुकाबले में 29 गंदों का सामना किया और 71 रन बनाए। 244.82 के स्ट्राइक रेट से इस खिलाड़ी ने चार चौके और सात छक्के जड़े। वहीं, रदरफोर्ड ने 40 गेंदों 67 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए। दोनों की इस साझेदारी के दम पर वेस्टइंडीज ने बोर्ड पर 220 रन टांगे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए रसेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
डेविड वॉर्नर के अलावा नहीं चला किसी का बल्ला
221 रनों के लक्ष्य का जवाब देने उतरी ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डेविड वॉर्नर के अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चला। सलामी बल्लेबाज ने 49 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के की मदद से 81 रन बनाए। वहीं, टिम डेविड ने 41 रनों की नाबाद पारी खेली। इस मुकाबले में कप्तान मिचेल मार्श सिर्फ 17 रन बना सके। वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने और रोस्टन चेज ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अकील हुसैन को एक सफलता मिली। ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर सिर्फ 183 रन बना सकी। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने सीरीज का तीसरा मुकाबला 37 रनों के अंतर से जीत लिया।