नाथन लियोन, टिम पेन और पैट कमिंस
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन ने कहा कि महिला सहकर्मी को आपत्तिजनक संदेश भेजने के कारण कप्तानी छोड़ने वाले टिम पेन को इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के लिए अंतिम एकादश में शामिल करने से मेजबान टीम का ध्यान नहीं भटकेगा।
लियोन की प्रतिक्रिया पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की इस टिप्पणी के बाद आई है कि पेन को टीम में शामिल करने से खिलाड़ियों का ध्यान भटक सकता है, क्योंकि उनको लेकर चल रही चर्चा अभी खत्म नहीं होने वाली है। लियोन ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इससे किसी को फर्क पड़ेगा।
लियोन ने कहा- आखिर में हम सभी पेशेवर खिलाड़ी हैं। जानते हैं कि हमें क्या करना है और इससे आगे कैसे बढ़ना है। चयनकर्ता कहते रहे हैं कि वे सर्वश्रेष्ठ एकादश का चयन करेंगे और मेरी निगाह में टिम पेन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं।
लियोन ने कहा- मैं उन्हें टीम में चाहता हूं। यह एक गेंदबाज के रूप में स्वार्थ हो सकता लेकिन मैं चाहता हूं कि विकेट के पीछे सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर रहे और मेरी नजर में वह पेन हैं। प्रत्येक (टेस्ट) गेंदबाज के पेन के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं और वह बहुत अच्छे इंसान हैं। ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में वह सम्मानित व्यक्ति हैं।