स्टोक्स ने लंबे समय के लिए क्रिकेट से दूरी बना लिया है। इस ऑलराउंडर ने पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की वन-डे में 3-0 से जीत के बाद अनिश्चितकालीन अवकाश ले लिया था। भारत के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में भी टीम का हिस्सा नहीं थे। वह आईपीएल में भी नहीं खेले। विश्व कप टीम से भी वह दूर रहे। स्टोक्स को लेकर टीम के मुख्य कोच सिल्वरवुड पहले ही साफ कर चुके हैं कि स्टोक्स के फैसले का सम्मान किया जाएगा। विश्व कप के लिए टीम का एलान होने से पहले कोच सिल्वरवुड ने कहा था, 'स्टोक्स को मानसिक रूप से स्वस्थ होने के लिए जितना समय चाहिए, उतना उन्हें दिया जाएगा। मुझे नहीं लगता है कि ऐसे मामलों में आप किसी पर दबाव बना सकते हैं। जब तक कि वह स्वयं आकर न कहें कि मैं खेलने के लिए तैयार हूं, तब तक मैं उनका इंतजार करूंगा। हमारे लिए बेन और उनके परिवार का स्वस्थ रहना ज्यादा महत्वपूर्ण है ताकि वह दमदार वापसी कर सके।'
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने शनिवार को एशेज दौरे को सशर्त मंजूरी दे दी थी। ईसीबी ने शनिवार (9 अक्तूबर) को बयान में कहा था, 'इंग्लैंड की टीम कि आगामी एशेज सीरीज खेलने पहुंचेगी। हमने आगे की प्रगति को सुविधाजनक बनाने और टीम का चयन करने की अनुमति दे दी। मगर अभी कई शर्तों पर चर्चा होना बाकी है, जिन्हें इंग्लैंड के ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए फ्लाइट में चढ़ने से पहले सुलझा लिया जाएगा। बयान में आगे कहा गया, 'यह फैसला हमारे यात्रा करने से पहले कई महत्वपूर्ण शर्तों को पूरा करने के अधीन है। दरअसल, इंग्लैंड के कई क्रिकेटरों ने ऑस्ट्रेलिया में कड़े क्वारंटीन नियमों और 11 हफ्ते तक चलने वाले लंबे दौरे पर परिवार को साथ ले जाने की अनिश्चितता को देखते हुए चिंता व्यक्त की थी। बटलर और रूट के परिवार में छोटे बच्चे हैं। इसी वजह से इन दो खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा आपत्ति जताई थी। इसके बाद टीम के बाकी खिलाड़ियों ने भी नियमों में ढ़ील देने और परिवार को साथ लाने की अनुमति देने की बात कही थी।
जो रूट (कप्तान), जेम्स एंडरसन ,जॉनी बेयरस्टो, डोम बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्स, जोस बटलर (उपकप्तान), जैक क्रॉउले, हसीब हमीद, डैन लॉरेंस, जैक लीच, डेविड मलान, क्रेग ओवरटन, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।