टी-20 वर्ल्डकप की शुरुआत 17 अक्तूबर से हो रही है और इस टूर्नामेंट में शामिल सभी देशों ने अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है। सभी टीमों में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो अकेले अपने दम पर मैच का नतीजा बदल सकते हैं। टी-20 वर्ल्डकप में कई खिलाड़ी ऐसा कर चुके हैं। इनमें युवराज सिंह और ऊमर गुल जैसे खिलाड़ियों का नाम सबसे ऊपर है। हालांकि कई बार खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन के बावजूद अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए, लेकिन उन्होंने अपने खेल से सभी का दिल जीता है। यहां हम ऐसे ही खिलाड़ियों की बात कर रहे हैं, जिन्होंने अपने खेल से इस टूर्नामेंट की लोकप्रियता बढ़ाई है और उनके शानदार प्रदर्शन को फैंस अभी भी याद करते हैं।
युवराज सिंह के छह छक्के
भारतीय टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर युवराज सिंह ने पहले ही टी-20 वर्ल्डकप में इतिहास रच दिया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में एक ही ओवर में छह छक्के जड़ दिए थे। इसके साथ ही उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में अपने 50 रन पूरे कर लिए थे। यह क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक था। इस मैच में उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में छह छक्के लगाए थे। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 30 गेंदों में 70 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।
उमर गुल के पांच विकेट
पाकिस्तान के उमर गुल ने साल 2010 में यह साबित कर दिया था कि टी-20 सिर्फ बल्लेबाजों का खेल नहीं है। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में गेंदबाजों के लिए भी बहुत कुछ है। वो अपने चार ओवरों में ही विरोधी टीम को पस्त कर सकते हैं। गुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में सिर्फ तीन ओवरों में छह रन देकर पांच विकेट लिए थे। वो टी-20 फॉर्मेट में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज थे। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के चलते उन्होंने पाकिस्तान को शानदार जीत दिलाई थी।
माइक हसी का तूफानी अर्धशतक
साल 2010 में माइक हसी ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की थी। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में 60 रन बनाए थे और पाकिस्तान के मुंह से जीत छीन ली थी। इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 192 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 105 रनों पर पांच विकेट गंवा चुकी थी और उसे जीत के लिए 45 गेदों में 87 रनों की जरूरत थी, लेकिन हसी ने अपनी दमदार पारी से ऑस्ट्रेलिया को यादगार जीत दिलाई थी।
विराट कोहली का अर्धशतक
विराट ने 2014 टी-20 वर्ल्डकप में बहुत ही बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। हालांकि, वो अपनी टीम को टूर्नामेंट नहीं जिता पाए थे और फाइनल मैच में भारत को श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। कोहली ने सेमीफाइनल मैच में 44 गेंदों में 72 रनों की शानदार पारी खेली थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में उन्होंने 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बहुत ही शानदार बल्लेबाजी की थी और अपनी टीम जीत दिलाकर दी वापस लौटे थे।
कार्लोस ब्रैथवेट के चार छक्के
साल 2016 का वर्ल्डकप किसी ने देखा हो या नहीं, लेकिन कार्लोस ब्रैथवेट के चार छक्के सभी ने देखे होंगे और क्रिकेट फैन को उनकी यह पारी हमेशा याद रहेगी। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मैच में उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में 34 रन बनाकर अपनी टीम को दूसरी बार यह टूर्नामेंट जिताया। इसके साथ वेस्टइंडीज पहली टीम बनी थी, जिसने दूसरी बार टी-20 वर्ल्डकप जीता था। इस मैच में वेस्टइंडीज को आखिरी ओवर में 19 रनों की जरूरत थी। बेन स्टोक्स इंग्लैंड के लिए आखिरी ओवर डालने आए लेकिन उनकी यॉर्कर उतनी सटीक नहीं थी। इसका फायदा उठाते हुए ब्रैथवेट ने चार गेंदों में लगातार चार छक्के लगाकर वेस्टइंडीज को दूसरी बार टी-20 वर्ल्डकप जिता दिया था।