मात्र 19 साल की उम्र के शुभम कुमार ने 'नोमैड शुभम' नाम के अपने यूट्यूब चैनल के साथ यात्राएं प्रसारित करनी शुरू की थीं। वे अब अपने 1.59 मिलियन सब्सक्राइबर्स के साथ ऐसी जगहों पर यात्राएं कर रहे हैं, जहां आम टूरिस्ट्स बहुत कम जाते हैं। अफ्रीका के दूरस्थ स्थानों से लेकर आर्मेनिया तक शुभम घूम चुके हैं और मजेदार बात यह है कि ये ज्यादातर सफर हिचाहाइकिंग यानी फ्री लिफ्ट के साथ पूरा करते हैं। छोटी जगहों पर भी भारतीय लोगों और देसी भोजन को ढूंढ निकालते हैं। उनके सफर में कई तरह के रोमांच शामिल होते हैं, जैसे तालिबानियों के कब्जे के कुछ ही दिन पहले तक वे काबुल में थे।
वे आपको अमृतसर के गुरुद्वारे के लंगर में रोटियां बनाते दिखेंगे तो कभी मुम्बई और पुणे की सड़कों पर स्ट्रीट फूड के आनंद लेते। अमेरिकन फिल्ममेकर विल सनबकनर जिनके द्वारा प्रस्तुत सनी साइड वीडियोज के अंतर्गत जारी श्रृंखला 'बेस्ट एवर फूड रिव्यू शो' को दुनियाभर में बहुत पसंद किया जाता है। 7.31 मिलियन सब्सक्राइबर्स के साथ विल कई अन्य देशों के साथ-साथ भारत के भी कई हिस्सों में घूमते हैं, बहुत मजेदार तरीके से फूड रिव्यू करते हैं और बकायदा भोजन को बनाने के तरीके और इंग्रेडिएंट्स के बारे में भी जानकारी देते हैं।
अमेरिका के ही डेविड हॉफमैन को भारत के अलावा दुनियाभर में कई जगहों पर स्पेशली फ़ूड रिव्यू करते हुए देखा जा सकता है। कुछ दिन पहले ही वे जॉर्जिया के ट्रेडिशनल फूड का आनंद ले रहे थे और कोरोना के दौरान अमेरिका के इंडियन रेस्टोरेंट्स में जाकर भारतीय भोजन का स्वाद बखान रहे थे। 'डेविड्स बीन हियर' नाम के उनके यूट्यूब चैनल पर सब्सक्राइबर्स की संख्या 9 लाख से भी ज्यादा है। वे अब तक 6 कॉन्टिनेंट्स में 2000 से ज्यादा ट्रेवल और फूड शो होस्ट कर चुके हैं। डेविड को भारतीय खाना सबसे ज्यादा पसंद है।
ये और इन जैसे कई घुमक्कड़ लोग आपको सोशल मीडिया पर मिल जाएंगे। इनमें से कुछ भारत में ही पहाड़ों से लेकर समंदर और मैदानों तक की खूबसूरत तस्वीर आपके सामने पेश करते हैं तो कुछ विदेशी धरती पर बसी भारतीय पहचान को सामने ले आते हैं। लक्ष्य सबका एक ही है, दुनिया को एक परिवार के रूप में सामने लाने का और सीमाओं, भाषाओं से परे, यात्राओं के जरिये खुशियां बांटने का।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।