झज्जर। हरियाणा सरकार ने युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए होम स्टे योजना शुरू की है। इसके तहत युवाओं को अपने घरों के कमरों को गेस्ट हाउस के रूप में किराए पर देकर अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना को युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग तथा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से लागू किया जा रहा है। पहले यह योजना कुछ जिलों तक सीमित थी, जिसे अब पूरे प्रदेश के 15 से 29 वर्ष के युवाओं के लिए शुरू किया गया है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढ़ा के नोडल अधिकारी जीतपाल ने बताया कि प्रशिक्षण और ठहरने का खर्च विभाग वहन करेगा। इच्छुक युवा 16 अगस्त तक आईटीआई झज्जर एट गुढ़ा में आवेदन कर सकते हैं। जिला झज्जर से 20 युवाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें होटल प्रबंधन संस्थान कुरुक्षेत्र में सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक 154 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।