सफीदों। डिडवाड़ा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर पांच लोगों ने गंडासी और लाठियों से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को रास्ते में घेरकर सिर, सीने, कमर और पैरों पर वार किए। सदर थाना पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
डिडवाड़ा निवासी 30 वर्षीय विक्की ने एफआईआर में बताया कि वह मजदूरी करता है। 23 नवंबर को शाम करीब पांच बजे वह अनिल के साथ बाइक पर काम से घर लौट रहा था। गांव के जिम के पास पहुंचने पर पीछे से आए पड़ोसी सौरभ ने उसके सिर पर गंडासी से वार कर दिया। इसके बाद सोनू ने लाठी से उसके सीने, मोहित ने कमर और सावन व सोनू ने दोनों पैरों पर लाठियों से हमला किया। मारपीट में दोनों बाइक से नीचे गिर गए। अनिल ने बीच-बचाव कर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उसे पीटते रहे।
चोट लगने पर विक्की ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपी हथियारों सहित भाग गए। आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपी उनके घर की छत पर चढ़ गए और ईंटों से हमला किया।