बहादुरगढ़। घरेलू विवाद में पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करने की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी को भी आरोपी ने नहीं बख्शा। नूना माजरा गांव में समझाने पहुंचे ईआरवी टीम के एसपीओ के साथ पहले मौके पर और फिर सदर थाने में हाथापाई की गई। पुलिसकर्मी की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने थाने के मुंशी कमरे में भी उसके साथ मारपीट की। इस दौरान साथी पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। थाने में हुई मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। ओमप्रकाश की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में एसपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि वह ईआरवी पर तैनात हैं। बुधवार को उन्हें मुस्कान निवासी नूना माजरा की कॉल मिली थी। सूचना के बाद वह अपने स्टाफ के साथ गांव पहुंचे। वहां विलियम अपनी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट कर रहा था। ओमप्रकाश के अनुसार, उन्होंने विलियम को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और उनके साथ भी मारपीट करने लगा। इसके बाद पुलिस टीम विलियम को कार्रवाई के लिए सदर थाना बहादुरगढ़ लेकर पहुंची। आरोप है कि थाने में मुंशी के कमरे में ले जाने के दौरान विलियम ने दोबारा उनके साथ हाथापाई की। इस पर ईएएसआई सत्यनारायण और चालक एसपीओ सोमबीर ने बीच-बचाव किया। एसपीओ ने आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना सदर एसएचओ मनोज कुमार ने कहा कि उसके खिलाफ मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।