फोटो-51: बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल के पीछे सड़क किनारे पड़ा कूड़ा। संवाद
बहादुरगढ़। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 12वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने शहर में थाली-चम्मच बजाकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से दुर्गंध उठने लगी है।
शहर की सड़कों, गलियों और बाजारों में करीब 1,400 टन कूड़ा जमा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई स्थानों पर लोग कूड़े के ढेरों में आग लगाने लगे हैं। सोमवार रात से मंगलवार दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों में कूड़ा जलाए जाने की घटनाएं सामने आईं।
पुराना कोर्ट रोड, सेक्टर छह, सब्जी मंडी के पास कूड़े के ढेर में आग लगाई गई। इससे पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया और प्रदूषण बढ़ने लगा। शहरवासी रमन शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, जयपाल सांगवान का कहना है कि जलते कूड़े से उठ रही दुर्गंध और धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
कूड़ेदानों के भर जाने के बाद लोग सड़कों पर ही कूड़ा फेंकने लगे हैं। दुकानदार राहुल शर्मा, रवि कुमार, गौरव, नरेश, राजेंद्र आदि का कहना है कि बदबू के कारण ग्राहक भी कम आने लगे हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का नेतृत्व कर रहे नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान राजेश बालगुहेर ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
फोटो-51: बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल के पीछे सड़क किनारे पड़ा कूड़ा। संवाद