प्रदेश स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता एवं महिला सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त महिलाओं को शौर्य सम्मान व खेलों में उत्कृष्ट महिलाओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। सिवाह व नांगल खेड़ी गांव की ग्राम पंचायत को जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान भड़की आग को नियंत्रित करने में योगदान देने में विशेष तौर पर सम्मानित किया। महिला एवं बाल विकास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण की आवाज उठी और लिंग के आधार पर भेदभाव न करने और हरियाणा एक, हरियाणवी एक की शपथ दिलाई गई। समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल शामिल नहीं हो सके, लेकिन समारोह में आखिर में मंच पर पहुंचे सीएम के हमशक्ल ने सबकी तसल्ली कर दी। रामबिलास शर्मा ने सिवाह को आदर्श गांव बनाने की घोषणा की और ग्राम पंचायत की सभी मांगों को मंजूर कर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बुधवार को गांव सिवाह के राजीव गांधी खेल परिसर में प्रदेश स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री रामबिलास शर्मा और परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री कविता जैन ने की। पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी और समालखा विधायक रविंद्र मच्छरौली, हरियाणा की अपर मुख्य सचिव धीभरा खंडेलवाल और विभाग की निदेशक आशिमा बराड़ विशेष अतिथि रहे।
शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा की देश व प्रदेश वेदों व गीता का स्थल है और यहां पर प्राचीन काल से ही महिलाओं का सम्मानित स्थान रहा है। हरियाणा ने अपने गठन के कुछ ही समय में जीवन केू सभी क्षेत्रों में बड़ी तेजी से विकास किया है। सुरक्षा, शिक्षा, लोक संस्कृति, महिला सम्मान, खेलकूद, कृषि और पशु पालन क्षेत्र में न केवल उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, बल्कि औद्योगिक और व्यवसायिक क्षेत्र में भी हरियाणा ने हमेशा देश के अन्य प्रदेशों को मार्ग दर्शन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत की पवित्र भूमि से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का शुभारंभ किया था। परिणाम स्वरूप लड़कियों की संख्या 834 के मुकाबले में अब 903 हो गई है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2016 के अवसर पर राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढेसी को नई दिल्ली में भारत का नारी शक्ति अवार्ड प्रदान किया। यह हम सबके लिए गौरव का विषय है। इसके अलावा हरियाणा को सड़क एवं सेतु विकास निगम को भी विश्वकर्मा अवार्ड 2016 मिला है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना कोई भी समाज तरक्की नहीं कर सकता और शिक्षा विभाग की रिक्तयों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। लेकिन इसका लाभ प्रशिक्षित महिला ही उठा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए पंचायती राज एक्ट की जगह-जगह आलोचना हुई, लेकिन बाद में लोगों ने अपनी वोटों से इस पर मुहर लगा दी। आज प्रदेश के हर गांव में शिक्षित पंचायत हैं। विदेश से एलएलएम परीक्षा पास युक्ति चौधरी फतेहाबाद की जिला पार्षद बनी। यही नहीं इन चुनाव में लोगो नें 87 प्रतिशत से अधिक मतदान किया और पंचायती राज संस्थाओं में 54 प्रतिशत सदस्य निर्विरोध चुनी गई और 42 प्रतिशत महिलाएं चुनी गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा भारतीय खेलों और खिलाड़ियों की जननी है। हरियाणा सरकार नें जहां 80 करोड़ रुपये की राशि विशेष उपलब्धि प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कार के रूप में दी है, वहीं एचसीएस बोर्ड और एसएस बोर्ड की नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय भी लिया है। लेकिन खेलों के क्षेत्र में और अधिक संभावनाएं अभी भी मौजूद है।
इसलिए प्रदेश सरकार ने प्रदेश में आधुनिक खेल नर्सरी खोलने का निर्णय भी लिया है। इसी कड़ी में सिवाह में भी खेल नर्सरी बनाई जाएगी और सुदावाहिनी केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस तीन मंजिला भवन पर लगभग 30 लाख की लागत की जाएगी। इसके अलावा सिवाह में लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से एक बहुउद्देशीय खेल परिसर भी बनाया जाएगा। उन्होंने 10 मार्च से ही गांव सिवाह में चंडीगढ़ और दिल्ली की तरफ जाने वाली हरियाणा रोडवेज की सभी बसो का ठहराव करने और बस अड्डा बनाने की घोषणा की। परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि सिवाह गांव के लोगों का जिले के विकास में अहम योगदान है। गत दिनों आरक्षण की आग से गांव के लोगों ने ही शहर को बचाया था। परिवहन विभाग महिलाओं को हर संभव सुविधा देने को तैयार है। महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने समारोह में पहुंची सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला विकास एवं महिला अधिकारों की बात केवल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ही नहीं बल्कि प्रतिदिन की जानी चाहिए, तभी सैकड़ों वर्षों की गुलामी के जनजाल से मुक्ति मिल सकेगी।
समारोह को विधायक महिपाल ढांडा, विधायक रोहिता रेवड़ी और विधायक रविंद्र मछरौली ने भी संबोधित किया। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा समेत अन्य अतिथियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की द्वारा बनाई गई बाल विवाह व महिला एवं बच्चो की रिपोर्ट का भी विमोचन किया। इस मौके पर मेयर सुरेश वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रमोद विज, भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी, देवेंद्र दत्ता, सरपंच खुशदिल कादियान, उपायुक्त समीरपाल सरो, एसपी राहुल शर्मा, एडीसी राजीव मेहता, एसडीएम विवेक चौधरी व तहसीलदार हरिओम मौजूद रहे।
प्रदेश स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता में पाया उत्कृष्ट स्थान
हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में महिलाओं ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया। इनमें 30 वर्ष से ऊपर की महिलाओं की सौ मीटर दौड में करनाल की ममता प्रथम, भिवानी की अनीता द्वितीय और करनाल की मीना तृतीय स्थान पर रही। 30 वर्ष से ऊपर की महिलाओं की मटका दौड़ में हिसार की आशा प्रथम, झज्जर की सुमित्रा द्वितीय और फरीदाबाद की बिमलेश तृतीय स्थान पर रही। 30 वर्ष से ऊपर की महिलाओं की आलू दौड़ में गुड़गांव की सरिता प्रथम, सोनीपत की सावित्री द्वितीय और हिसार की सुनीता तृतीय स्थान पर रही। इसी तरह 30 वर्ष से नीचे की महिलाओं की चार सौ मीटर दौड़ में करनाल की पूजा प्रथम, हिसार की रेनू द्वितीय और रेवाड़ी की पूजा तृतीय स्थान पर रही। 30 वर्ष से नीचे की महिलाओं की तीन सौ मीटर दौड़ में फरीदाबाद की कविता प्रथम, करनाल की संजू द्वितीय और पानीपत की रेनू तृतीय स्थान पर रही। 30 वर्ष से नीचे की महिलाओं की चार किलोमीटर की साइकिल रेस में कुरुक्षेत्र की नीरज प्रथम, यमुनानगर की कविता द्वितीय और फतेहाबाद की राजबाला तृतीय स्थान पर रही।
इन महिलाओं को विशेष सम्मान मिला
प्रदेश स्तरीय महिला सम्मान समारोह में महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसमें फतेहाबाद की नेहा मित्तल को इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवार्ड, झज्जर की डॉ. अनिता भारद्वाज व पानीपत की सुषमा को कल्पना चावला शौर्य अवार्ड, उषा भंडारी सोनीपत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। सीमा पुनिया सोनीपत, प्रियंका भिवानी, कविता देवी जींद, अनीता मावी फरीदाबाद, गौरी श्योराण पंचकुला, यशस्वनी पंचकूला, सविता सोनीपत, मनप्रीत कौर सिरसा, मनदीप सिरसा, सिमरनजीत कौर सिरसा, सृष्टि मारवा फरीदाबाद, बेअंत कौर कुरुक्षेत्र, यशदीप कौर सिरसा, अनीता देवी सोनीपत को खेलों के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंजू बतरा फतेहाबाद, पिन्नो देवी रोहतक को साक्षर महिला समूह अवार्ड, नीरू पंचकुला सरकारी कर्मचारी के लिए, सुषमा गुप्ता फरीदाबाद व गीता कथूरिया सिरसा को सामाजिक कार्यकर्ता के लिए, रेनू जिंदल हिसार. एंटरप्रिनरियोर, अनीता देवी हिसार, संजीव कुमारी हिसार, प्रो. सुमेधा धानी रोहतक और पंचकुला से आईएफएस अधिकारी और वर्तमान में वन विभाग में पीसीसीएफ के पद पर कार्यरत डॉ. अमरेंद्र कौर को स्त्री शक्ति पुरस्कार प्रदान किया गया। बबीता चौधरी हिसार को संरक्षण एवं रोकथाम अधिकारी अवार्ड, खानपुर खुर्द की सुनीता अंबाला की कुलविंद्र कौर को आंगनबाड़ी वर्कर अवार्ड प्रदान किया गया।
लिंगानुपात में सुधार लाने वाले भी सम्मानित
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने लिंगानुपात में सुधार के लिए प्रदेश कई जिलों को भी सम्मानित किया। इसमें महेंद्रगढ़ जिला को प्रथम, भिवानी की द्वितीय और झज्जर को तृतीय पुरस्कार दिया गया है। इसी तरह पोषाहार पुरस्कार के लिए पंचकुला को प्रथम, जींद को द्वितीय और नारनौल व मेवात को संयुक्त रूप से तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार संबंधित जिलों के उपायुक्तों को मौके पर प्रदान किया गया।