इटावा। कोहरे के चलते लंबी दूरी की ट्रेनों की चाल सुधरने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को भी हावड़ा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर सुपरफास्ट जैसी ट्रेनें घंटों देरी से आईं। इसमें सबसे अधिक स्वर्ण शताब्दी चार घंटे तो वंदे भारत दो घंटे देरी से स्टेशन पर आई। इन ट्रेनों से ज्यादातर लंबी दूरी के यात्री आवागमन करते हैं लेकिन इसके घंटों लेट रहने से यात्रियों को निजी वाहन व बस से गंतव्य को पहुंचे। वहीं, ठंड की वजह से बच्चे व बुजुर्ग परेशान रहे।
सबसे अधिक ऊंचाहार एक्सप्रेस आठ घंटे 29 मिनट, अवध एक्सप्रेस चार घंटे 56 मिनट, वंदे भारत एक्सप्रेस दो घंटे 10 मिनट, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस चार घंटे 14 मिनट, आम्रपाली एक्सप्रेस एक घंटे आठ मिनट, वैशाली एक्सप्रेस दो घंटे 49 मिनट, फरक्का एक्सप्रेस आठ घंटे 44 मिनट, सुपर फास्ट पैसेंजर एक घंटे 14 मिनट, कैफियत एक्सप्रेस आठ घंटे, मगध एक्सप्रेस दो घंटे आठ मिनट देर से इटावा जंक्शन पर आई।
इसी तरह डाउन रेलवे लाइन पर ऊंचाहार एक्सप्रेस एक घंटे छह मिनट, आम्रपाली एक्सप्रेस दो घंटे 19 मिनट, पटना-कोटा एक्सप्रेस एक घंटे 19 मिनट तथा मरुधर एक्सप्रेस एक घंटे 2 मिनट की देरी से आईं। इन ट्रेनों के लेट रहने से यात्रियों को ठंड में परेशानी हुई। सर्दी की वजह से महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग परेशान रहे।
घंटों इंतजार के बाद ट्रेन के आने पर वह गंतव्य के लिए रवाना हो गए। वहीं, उत्तर-मध्य रेलवे के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनें लेट हो रही है। यात्री मोबाइल से ट्रेन की यथास्थिति जानने के बाद ही घर से निकले। इससे उन्हें प्लेटफार्म पर परेशान नहीं होना पड़ेगा।