कोंच। नगर के मोहल्ला जवाहर नगर और तिलक नगर की नई बस्ती में जल संस्थान की लापरवाही से छह दिन से करीब आठ हजार की आबादी पानी के लिए परेशान है। हालात यह हैं कि लोग पीने और घरेलू उपयोग के लिए भटकने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
नगर के मोहल्ला जवाहर नगर और तिलक नगर में जल संस्थान की सप्लाई लाइन में लीकेज के कारण लंबे समय से गंदा और दूषित पानी पहुंच रहा था। शिकायत के बाद अधिकारियों ने 10 दिसंबर को एक्सईएन सोम प्रकाश के नेतृत्व में जेई और एई के साथ मौके पर निरीक्षण किया। जेई को दूसरी लाइन से सप्लाई जोड़ने का निर्देश दिया गया था, लेकिन उसकी तकनीकी जुगाड़ ने स्थिति और खराब कर दी। नतीजतन अब पूरी लाइन ठप हो गई है।
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि जल संस्थान को कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन सिर्फ आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
लोगों का आरोप है कि जेई ने दूषित पानी से बचाने के उद्देश्य से दो इंची लाइन को चार इंची मेन लाइन से जोड़ दिया जो लगभग चार से पांच फीट गहरी है। दो इंची लाइन को उठाकर तीन -चार फीट ऊपर लाया गया और फिर उसे नई बस्ती की लाइन से जोड़ दिया गया। तकनीकी रूप से कमजोर यह व्यवस्था पानी खींचने में सक्षम ही नहीं है। इसके चलते सप्लाई बंद हो गई। लोगों का कहना है कि जिस लाइन में लीकेज है, वही क्षेत्र नीचा होने के कारण दबाव पहले ही कम रहता था। ऐसी स्थिति में मेन लाइन से कमजोर लाइन जोड़ने के बजाय लीकेज की मरम्मत कराई जाती तो न दूषित पानी आता और न सप्लाई ठप होती।
तीन दिन हो गए, देखने तक कोई नहीं आया
छह दिन से पानी नहीं आ रहा। शिकायत करने पर सिर्फ आश्वासन मिलते हैं। अधिकारियों ने समस्या सुलझाने को कहा था, लेकिन तीन दिन हो गए कोई नहीं आया। - मंगला देवी
जनता परेशान, अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे
नई बस्ती में छह दिनों से पानी न आना दुर्भाग्यपूर्ण है। गलत तकनीकी फैसला और लापरवाही के कारण जनता परेशान है। अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है। यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो मामला जनप्रतिनिधियों के सामने रखा जाएगा। - बादाम सिंह कुशवाहा - सभासद प्रतिनिधि
जिस लाइन से जुड़ा था, उससे गंदा पानी जा रहा था। नगर पालिका से बात कर दूसरी लाइन से उसको जुड़वा रहे हैं। जल निगम से भी बात हो रही है। तीन दिन के अंदर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
- आलोक कुमार, जेई, जल संस्थान
फोटो- 03 इलाके का खुदा स्टेड पोस्ट। संवाद
फोटो- 03 इलाके का खुदा स्टेड पोस्ट। संवाद