फोटो 33:::::हादसे में क्षतिग्रस्त कार। स्रोत यूपीडा
- शनिवार रात आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ताखा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात चालक को झपकी आने से डंपर अपनी लेन छोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गया। इससे पीछे से आ रहे दो वाहन डंपर में घुस गए। हादसे में कार सवार तीन लोग व डंपर चालक घायल हो गया। सभी को आयुर्विज्ञान विवि भेजा गया।
शनिवार रात करीब साढ़े बारह बजे आगरा से लखनऊ जाने वाले लाइन पर किलोमीटर संख्या 130 भरतिया कोठी के पास हुई। विजय निवासी महरूपुर खार, थाना जहानगंज, जनपद फर्रुखाबाद डंपर लेकर जा रहा था। उसके पीछे कार से शफीक शेख निवासी संग्रामपुर, थाना अठवां, जिला सूरत गुजरात से आजमगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य डंपर चालक ने आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया और अचानक लेन बदलकर बीच लेन में पहुंच गया। इससे आगे चल रहे डंपर चालक को अचानक ब्रेक लगाने पड़े। इसके चलते पीछे चल रहा डंपर उससे टकरा गया। डंपर के पीछे चल रही कार भी ब्रेक लगाने के बावजूद डंपर में जा घुसी।
हादसे में कार चालक शफीक शेख, मोहम्मद आजम निवासी तकिया, थाना सदर, जिला आजमगढ़ व मोहम्मद यासिर निवासी संग्रामपुर, थाना अठवां, जिला सूरत गुजरात घायल हो गए। वहीं डंपर चालक विजय भी घायल हुआ। सूचना पर यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, सहायक सुरक्षा अधिकारी आरपी कनौजिया तथा ऊसराहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से आयुर्विज्ञान संस्थान भिजवाया। वहीं पुलिस ने घायलों के परिजन को भी सूचना दे दी है।
मोहम्मद यासिर ने बताया कि कार में चार लोग सवार थे। इनमें से तीन घायल हुए हैं। मोहम्मद आजम की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई से आजमगढ़ रेफर किया गया है। सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है, जबकि ओवरटेक करने वाला डंपर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।