23jjrp14- झज्जर। शहर के आंबेडकर चौक पर बारिश के पानी से गुजरते वाहन व पैदल महिला। संवाद
झज्जर। वसंत पंचमी पर्व पर जिले में रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। औसतन 10.83 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस सीजन की यह पहली बरसात रही। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जहां एक तरफ लोगों ने ऋतु परिवर्तन और वसंत के आगमन का स्वागत किया। वहीं दूसरी तरफ बरसात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। जिले भर में अल सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। जिससे शहर के कई जगहों पर पानी भर गया। इसके चलते लोगों व वाहन चालकों को पानी से आना जाना पड़ा।
बारिश के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़कों पर फिसलन बढ़ गई जिसके चलते कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए। तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित गति में चलना पड़ा। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह मौसमी बरसात हुई है, जो वसंत पंचमी के दिन और अधिक असर दिखाती नजर आई। झज्जर क्षेत्र में आठ एमएम बारिश दर्ज की गई। बादली में 13 एमएम, बेरी में 17 एमएम, मातनहेल में पांच एमएम और साल्हावास में आठ एमएम बारिश दर्ज की गई है।