संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। तकनीकी शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा इंजीनियरिंग और डिप्लोमा इंजीनियरिंग (लेटरल एंट्री) में दाखिले तिथि बढ़ा दी है। अब डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है जबकि लेटरल एंट्री के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 26 मई तय की गई है।
गुरु गोरखनाथ जी राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, झज्जर में तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग के छह ट्रेडों में कुल 420 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। अब तक डिप्लोमा इंजीनियरिंग में 316 और लेटरल एंट्री में 112 अभ्यर्थी पंजीकरण कर चुके हैं।
संस्थान में दाखिले की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है और इसके लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक आवेदन और प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी स्वयं भी वेबसाइट https://techadmissionshry.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं या संस्थान में आकर ऑनलाइन आवेदन करवा सकते हैं।
दसवीं पास अभ्यर्थी तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स के लिए 10 जून तक आवेदन कर सकते हैं। 10वीं, 12वीं (नॉन मेडिकल) और आईटीआई पास अभ्यर्थियों की रैंक 15 जून से 29 जून के बीच वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
पंजीकरण शुल्क सामान्य श्रेणी के लिए 1000 रुपये तथा आरक्षित वर्ग और छात्राओं के लिए 700 रुपये निर्धारित किया गया है। केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा जिन्होंने पंजीकरण शुल्क जमा किया होगा, और उसी के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
प्रथम ऑनलाइन काउंसलिंग 10वीं पास अभ्यर्थियों के लिए 16 से 18 जून तक होगी, सीट आवंटन 19 जून को किया जाएगा, जबकि 22 से 24 जून तक फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी। 25 जून को खाली सीटों की जानकारी अपडेट की जाएगी।
इसके बाद दूसरी काउंसलिंग 26 से 30 जून तक आयोजित की जाएगी और सीट आवंटन 1 जुलाई को होगा, जबकि 2 से 7 जुलाई तक रिपोर्टिंग की प्रक्रिया चलेगी और 6 जुलाई को रिक्त सीटों की जानकारी अपडेट की जाएगी।
इसी प्रकार 12वीं (नॉन मेडिकल) और आईटीआई पास अभ्यर्थियों के लिए प्रथम ऑनलाइन काउंसलिंग 1 से 3 जून तक होगी, सीट आवंटन 4 जून को किया जाएगा और 5 से 8 जून तक फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी। दूसरी काउंसलिंग 10 से 12 जून तक होगी, सीट आवंटन 16 जून को होगा और 18 से 20 जून तक रिपोर्टिंग की जाएगी।
कोर्स के अनुसार सीटें
सैरामीक इंजीनियरिंग-60
सिविल इंजीनियरिंग-60
कम्प्यूटर इंजीनियरिंग-60
इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग-60
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग-60
मैकैनिकल इंजीनियरिंग-120
वर्जन
सीबीएसई और एचबीएसई के परीक्षा परिणाम हाल में आने के कारण तकनीकी निदेशालय की तरफ से रजिस्ट्रेशन व अन्य तिथियों में बदलाव किया गया है। दिग्पाल सिंह, प्रधानाचार्य, गुरु गोरखनाथजी राजकीय बहुतकनीकी संस्थान