धर्मशाला। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में रविवार यानी 14 दिसंबर को प्रस्तावित भारत और साउथ अफ्रीका टी-20 मैच के चलते जिलेभर में पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ने की उम्मीद है। जिला मुख्यालय में चहल-पहल बढ़ने से कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान जिला मुख्यालय में ढाबों, होटल संचालकों सहित अन्य कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। होटलों की बात करें तो रविवार को मैच को लेकर धर्मशाला के होटलों में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है।
धर्मशाला और मैक्लोड़गंज में एडवांस बुकिंग चल रही है। पर्यटकों ने शनिवार से ही धर्मशाला सहित कांगड़ा और चामुंडा तक के होटलों में कमरे बुक करवा लिए हैं। मैच शाम को होने के कारण दिन के समय में पर्यटक धर्मशाला के पर्यटन स्थलों सहित मैक्लोड़गंज का रुख भी करेंगे। इससे टैक्सी कारोबारियों में भी अच्छे कारोबार की उम्मीद बंधी है। टैक्सी यूनियन धर्मशाला के प्रधान वरुण राणा ने बताया कि धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का मैच हो रहा है। अन्य राज्यों सहित विदेशों से भी मैच प्रेमी मैच देखने के लिए पहुंचेंगे। इस दौरान पर्यटकों के धर्मशाला में दो से तीन दिन तक रुकने की संभावना है। इससे टैक्सी कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी होगी और दिसबंर कारोबार के हिसाब से अच्छा निकलेगा। वहीं, रेस्तरांं संचालक और कोतवाली बाजार व्यापार मंडल के महासचिव शेखर राय ने बताया कि मैच के कारण धर्मशाला में एक-दो दिन में चहल-पहल बढ़ना शुरू हो जाएगी। इसके चलते अब विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद मैच में भी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।