फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौवें दिन आखिर जीत गए बघेईगढ़ स्कूल के बच्चे, छह शिक्षक तैनात

Fri, 25 May 2018 11:58 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

शिक्षक न होने से नौ दिनों से कक्षाओं का बहिष्कार कर रहे जिला चंबा की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बघेईगढ़ के विद्यार्थियों ने सिस्टम के खिलाफ शुरू की जंग जीत ली है। नींद से जागे शिक्षा विभाग ने बघेईगढ़ स्कूल में छह शिक्षकों की तैनाती कर दी है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने चार और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने दो शिक्षकों को बघेईगढ़ स्कूल में तैनात करने के आदेश जारी कर दिए हैं। शिक्षकों को जल्द से जल्द स्कूल पहुंचने को कहा गया है।

विज्ञापन


बुधवार और वीरवार को अमर उजाला में प्रकाशित खबरों पर संज्ञान लेते हुए शिक्षा सचिव अरुण कुमार शर्मा ने वीरवार सुबह ही उच्च और प्रारंभिक शिक्षा निदेशकों की क्लास लगाई। शिक्षकों की कमी के चलते बघेईगढ़ स्कूल में नौ दिनों से कक्षाओं का बहिष्कार होने पर कोई कार्रवाई नहीं करने पर शिक्षा सचिव ने तल्खी दिखाई। उन्होंने निदेशकों को आदेश जारी कर वीरवार दोपहर तक शिक्षकों को भेजने का अल्टीमेटम दिया।

शिक्षा सचिव अरुण कुमार शर्मा ने बताया है कि मामला संज्ञान में आते ही बघेईगढ़ स्कूल में शिक्षकों की तैनाती कर दी है। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे प्रदेश के अन्य स्कूलों का ब्योरा भी तलब किया गया है। उन्होंने बताया कि बघेईगढ़ स्कूल में एक टीजीटी मेडिकल, एक टीजीटी आर्ट्स, एक पीजीटी इतिहास, एक पीजीटी अंग्रेजी, एक पीजीटी हिंदी और एक पीजीटी आईपी को भेजा गया है। शेष दो शिक्षकों के पद भी जल्द भर दिए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

यह है मामला

शिक्षकों की कमी से नाराज होकर बघेईगढ़ स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने पहले स्कूल में मिलने वाला मिड-डे मील का खाना छोड़ा, उसके बाद नौ दिनों से कक्षाओं का बहिष्कार कर स्कूल आना ही बंद कर दिया। वीरवार को भी कोई भी विद्यार्थी स्कूल नहीं आया।

स्कूल में पढ़ने वाले करीब 250 बच्चों का कहना है कि वे 30 किलोमीटर दूरी तय कर स्कूल पहुंचते हैं, लेकिन स्कूल में आठ शिक्षक न होने के चलते बिना पढ़ाई किए घर लौटते हैं। ऐसे में अब जब तक शिक्षक नहीं होंगे, वे स्कूल नहीं आएंगे।

उधर, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी शिक्षकों के पद रिक्त होने पर शिक्षा निदेशालय को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर सभी रिक्त पद भरने के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें