बहादुरगढ़। गांव लोहारहेड़ी में सरकारी बेंच पर बैठे एक व्यक्ति पर छह लोगों द्वारा डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल जांच में उसके शरीर पर तीन चोटें सामने आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक ही परिवार के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में लोहारहेड़ी निवासी योगेंद्र ने बताया कि 24 सितंबर की रात वह अपने प्लॉट के सामने सरकारी बेंच पर बैठा हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी परिवार के छह लोग वहां पहुंचे और आते ही डंडों से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमले में उसे काफी चोटें आई हैं। मारपीट करने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए।
इसके बाद योगेंद्र उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। थाना आसौदा के एसएचओ जयभगवान ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।