झज्जर। सिरसा और चरखी दादरी की टीम के बीच खेले गए पटौदी ट्रॉफी क्रिकेट मैच में बारिश के कारण सिरसा की टीम ने वीजेडी मेथड से 24 रनों से जीत दर्ज की। मैच में जिले के गांव कुलाना निवासी सिरसा टीम के कप्तान कनिष्क चौहान ने 14 रन बनाए और दो विकेट हासिल किए।
रोहतक के लाहली स्थित चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम के ग्राउंड-सी में सिरसा और चरखी दादरी की टीम के बीच पटौदी ट्रॉफी का मुकाबला खेला गया। सिरसा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिरसा की टीम 43.1 ओवर में 208 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस दौरान कप्तान कनिष्क चौहान ने 28 गेंदों में एक चौके की मदद से 14 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चरखी दादरी की टीम ने 30 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए थे कि बारिश शुरू हो गई। इसके चलते मैच रोकना पड़ा। बाद में बारिश नहीं रुकने और मैदान गीला होने के कारण मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। इसके बाद वीजेडी मेथड के आधार पर सिरसा की टीम को 24 रन से विजेता घोषित किया गया।
गेंदबाजी में कनिष्क चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 ओवर में 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने एक ओवर मेडन भी फेंका।