झज्जर। शारदीय नवरात्र के साथ शहर में रामलीलाओं का मंचन शुरू हो गया है। श्री प्राचीन रामलीला कमेटी की ओर से दिल्ली गेट स्थित प्राचीन रामलीला मैदान में भूमि पूजन और हवन के साथ दिन की रामलीला का शुभारंभ किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की शोभायात्रा निकाली गई। करीब 70 साल पुराने ऐतिहासिक रथ पर सवार चारों राजकुमारों के दर्शन के लिए शहर के चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
प्रधान अंकुश दूहन और कमेटी के अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान किए गए। शोभायात्रा प्राचीन रामलीला मैदान से शुरू होकर दिल्ली गेट, माता गेट, छारा चुंगी और बेरी गेट होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। इसके बाद मेन बाजार से होते हुए वापस रामलीला मैदान में संपन्न हुई। रास्ते में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
भगत सिंह चौक स्थित मैदान में श्री विकास रामलीला कमेटी ने रविवार को यज्ञ-हवन, भूमि पूजन और शस्त्र पूजा के साथ मंचन का शुभारंभ किया। यहां नारद संवाद और रावण, कुंभकर्ण तथा विभीषण को वरदान मिलने के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने धार्मिक प्रसंगों को अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। नवरात्र के साथ रामलीलाओं की शुरुआत से शहर में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया है।
रात्रिकालीन रामलीलाओं में नारद तपस्या और वरदान के प्रसंगों का मंचन
शहर में रात्रिकालीन रामलीलाओं का मंचन भी शुरू हो गया है। श्रीलवकुश रामलीला कमेटी ने शनिवार को मंचन शुरू किया था। पहले दिन नारद की तपस्या, विश्व मोहिनी स्वयंवर और भगवान शिव द्वारा रावण, कुंभकर्ण तथा विभीषण को वरदान देने के प्रसंग प्रस्तुत किए गए।