बहादुरगढ़। दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर बहादुरगढ़ में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने दिल्ली बॉर्डर और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। दिल्ली की ओर जाने और वहां से बहादुरगढ़ आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों पर विशेष नजर रख रही है।
बहादुरगढ़ पुलिस ने दिल्ली सीमा से सटे इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। प्रमुख प्रवेश मार्गों के साथ-साथ अंदरूनी रास्तों पर भी पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
टिकरी बॉर्डर पर बढ़ाई निगरानी
टिकरी बॉर्डर पर एमआईई चौकी पुलिस दिल्ली की ओर जाने वाले हर वाहन की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना जांच के किसी भी संदिग्ध वाहन को आगे न जाने दिया जाए। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बॉर्डर सहित प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
थाना शहर एसएचओ राकेश कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें और अपने वाहनों के जरूरी दस्तावेज साथ रखें। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की भी अपील की है।