बिहार के पटना में बाहुबली नेता और राजद के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के शॉर्प शूटर की अपराधियों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार शाम की है। जब तबरेज आलम नमाज अदा कर अपनी गाड़ी में बैठने जा रहा था, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उसपर गोलियों की बरसात कर दी, जिससे वो घायल होकर वहीं पर गिर गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने तबरेज को अपनी गाड़ी में बिठाकर पीएमसीएच पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने तबरेज को पांच गोलियां मारी और उसके बाद वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तबरेज का मोबाइल फोन बरामद किया है।
हालांकि अभी तक अपराधियों का पता नहीं चल सका है, लेकिन तबरेज की हत्या के बाबत चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें अरवल का रुमी मल्लिक, पटना के सब्जीबाग का डब्लू मुखिया, पटना के ही कुल्हड़िया कॉम्पलेक्स का अंजर खान और जहानाबाद का फारुख आलम शामिल है। तबरेज आलम की पत्नी के बयान के आधार पर इनलोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बता दें कि तबरेज आलम को तब्बू के नाम से भी जाना जाता था। उसका काफी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं। जब इलाके में शहाबुद्दीन की चलती थी, तब तबरेज आलम के भी सितारे बुलंद थे, लेकिन शहाबुद्दीन के जेल जाने के बाद उसने अपना अलग रास्ता बनाना शुरू कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, वो बिहार में अगला विधानसभा चुनाव लड़ने की योजना बना रहा था। हालांकि साल 2010 के विधानसभा चुनाव में उसने समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा भी था, लेकिन उसे महज 5 हजार वोट ही मिल पाए थे।