रविवार को जिले में तेज गर्जना के साथ हुई बारिश में बिजली गिरने से महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं अन्य स्थानों पर तीन बैल, एक गाय व दो स्थानों पर आठ बकरियों की मौत हुई है। झुलसे लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सदर अस्पताल में राजस्व विभाग के कानूनगो ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली।
रविवार को हुई बारिश लोेगों के लिए मौत बनकर आई। बिजली गिरने थाना कुरारा क्षेत्र के कुसमरा गांव में खेतों में जानवर चरा रहा सोनू उर्फ करन सिंह (26) पुत्र शिवदास यादव उसकी चपेट में आ गया। परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बिजली की चपेट में आने से चार बकरियों की भी मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना शीतलपुर गांव में हुई। यहां खेतों में बकरियां चरा रहा दुर्गा प्रसाद (18) पुत्र सत्तीदीन व अनीता (45) पत्नी राजेश भी बिजली की चपेट में आ गई। जिसमें अनीता की दो बकरी व एक बछड़े की मौत हो गई।
वहीं जनपद कानपुर के सजेती थानाक्षेत्र के दहलर अव्वल गांव निवासी चुन्नी देवी (42) पत्नी रामप्रकाश घर के बाहर बकरियों को बांधते समय बिजली की चपेट में आने से झुलस गई। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भरुआसुमेरपुर प्रतिनिधि के अनुसार थानाक्षेत्र के पचखुरा बुजुर्ग में कल्लू (40) पुत्र सैय्यददीन, पानकुंवर (50) पत्नी हरिराम की मौत हो गई। जबकि शैलेंद्र यादव (28) पुत्र रामविशाल, पानकुंवर की भाभी (55), मुंगिया (65) झुलस गई। गांव के निवासी मेड़वा की तीन बकरियां भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
उधर बरुआ गांव निवासी चंद्रपाल उर्फ चन्ना (45) पुत्र सहदी केवट खेतों पर जुताई कर रहा था। तभी तेज बारिश के साथ बिजली गिरने से चपेट में आकर उसकी भी मौत हो गई। वहीं बड़ा गांव में सुखराम सिंह के तीन बैल भी बिजली की चपेट में आकर मर गए। पत्योरा में जयनारायन की एक गाय की मौत हो गई।
पचखुरा बुजुर्ग में एक साथ तीन मौतें होने से कोहराम मच गया। वहीं बरुआ के किसान के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कस्बे के इमिलियाबाड़ा निवासी राजकुमार पुत्र सत्तीदीन का एक बैल व एक बकरी की देवगांव स्थित रोटीराम महाराज विद्यालय के सामने मौत हो गई।
उधर भरुआसुमेरपुर के झंडा मैदान नई बस्ती निवासी राजेश्वरी (50) पत्नी सत्तीदीन देवगांव रोड पर बकरी चरा रही थी। तभी आकाशीय बिजली गिरने से झुलस गई है। सरीला प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के हरसुंडी गांव का बिहारी कुशवाहा (60) प्रभूदयाल कुशवाहा और ज्ञानसिंह (60) बिजली गिरने से झुलस गया।
जिसमें बिहारी कुशवाहा की मौत हो गई। ज्ञान सिंह को सीएचसी सरीला ले आए। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा.अजय चौरसिया ने बताया कि घायल वृद्ध की हालत अब ठीक है। उधर मृतक किसान के घर कोहराम मचा है। उसके पास ढाई बीघा जमीन बताई जा रही है। मृतक के दो बेटे हैं। जबकि बेटी की शादी वह चार साल पहले कर चुका है।
थानाध्यक्ष जलालपुर शिवमूरत सिंह यादव ने बताया कि मृतक के भाई करन सिंह की सूचना पर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनका कहना है कि मृतक खेतों में काम कर रहा था।