झज्जर। जिले के खिलाड़ियों ने हाल ही में संपन्न हुई पटौदी ट्रॉफी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन ने 1 से 16 जुलाई तक इस ट्रॉफी का आयोजन किया था। प्रतियोगिता में 24 टीमों ने भाग लिया। इसमें झज्जर के कई खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी। लक्ष्य दलाल और सक्षम शर्मा सर्वाधिक रन बनाने वालों में शामिल रहे, जबकि सम्मी कादयान और कनिष्क चौहान ने सर्वाधिक विकेट लिए।
झज्जर टीम ने अपने सभी लीग मैचों में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, टीम को क्वार्टर फाइनल में फरीदाबाद से हार का सामना करना पड़ा। जिले के दो खिलाड़ी सक्षम शर्मा ने फतेहाबाद टीम से और कनिष्क चौहान ने सिरसा टीम से प्रतियोगिता में भाग लिया। टांडाहेडी निवासी लक्ष्य दलाल ने झज्जर टीम का नेतृत्व किया और हरफनमौला प्रदर्शन किया। वह सर्वाधिक रन बनाने वालों में तीसरे स्थान पर रहे। लक्ष्य ने 44 चौकों और 24 छक्कों की मदद से कुल 419 रन बनाए। उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक भी लगाया, उच्चतम स्कोर 158 रन रहा। लक्ष्य ने प्रतियोगिता में कुल 13 विकेट भी हासिल किए, जिसमें एक बार पांच और एक बार चार विकेट शामिल थे।
0
सम्मी कादयान और सक्षम शर्मा का उत्कृष्ट खेल
बेरी निवासी सम्मी कादयान ने पटौदी ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी की। वह सर्वाधिक विकेट लेने वालों में दूसरे स्थान पर रहे। कुल 23 विकेट हासिल किए। सम्मी ने 11 ओवर मेडन फेंके और दो बार पांच व एक बार चार विकेट लिए। उन्होंने 4.12 की रन दर से रन दिए और 116 रन भी बनाए। बहादुरगढ़ के सक्षम शर्मा ने फतेहाबाद टीम के लिए बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने पांच मैचों में एक शतक और चार अर्धशतक सहित कुल 376 रन बनाए। सक्षम का उच्चतम स्कोर 130 रन रहा।
0
कनिष्क चौहान का दोहरा प्रदर्शन
कुलाना निवासी कनिष्क चौहान ने सिरसा टीम के कप्तान के रूप में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया। वह सिरसा टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले और सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी रहे। कनिष्क ने 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से कुल 178 रन बनाए। उन्होंने एक अर्धशतकीय पारी खेली, जो 76 रन की रही। कनिष्क ने प्रतियोगिता में कुल 14 विकेट भी हासिल किए, जिसमें दो बार चार विकेट लेना शामिल था। उनकी शानदार गेंदबाजी में 20 रन पर चार विकेट का प्रदर्शन भी रहा।
0
इन खिलाड़ियों का भी सराहनीय योगदान
झज्जर शहर के यशवर्धन दलाल ने झज्जर टीम से तीन मैच खेले। उन्होंने 15 चौकों और 19 छक्कों की मदद से 229 रन बनाए। यशवर्धन ने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया, उच्चतम स्कोर 137 रन रहा। इसके बाद वह बीसीसीआई के बेंगलुरु में आयोजित हो रहे शिविर में शामिल होने चले गए। झज्जर टीम के सुबोध सहरावत ने 21 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 241 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे। सेक्टर-6 निवासी सामंत जाखड़ का भी हरफनमौला प्रदर्शन रहा, उन्होंने 100 रन और छह विकेट हासिल किए।
18jjrp10- सक्षम शर्मा
18jjrp10- सक्षम शर्मा
18jjrp10- सक्षम शर्मा