झज्जर। जिले में दिन में तल्ख धूप और गर्मी से लोग परेेशान रहे। वहीं देर शाम 7 बजे शुरू हुई तेज आंधी देर रात तक चलती रही जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। कुछ मिनट के लिए हल्की बूंदाबांदी भी हुई। तेज अंधड के कारण कई लोगों के शेड, होर्डिंग उड़ गए।
शहर की सड़कों पर कूड़ा फैल गया। कई गांवों में खेतों में पड़े फांस में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग कई एकड़ में फैल गई। इनकी सूचनाएं फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन गाड़ियां कम होने के कारण सभी जगह गाड़ियां नहीं पहुंच सकी और ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने का इंतजाम करते दिखे।
वहीं मौसम बदलते ही झज्जर, बेरी सहित अन्य अनाज मंडियों में खुले में रखी गेंहू की फ़सल को मजदूरों ने तिरपाल से ढक दिया। हालांकि तेज आंधी के कारण तिरपाल लगाने में मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
25 से अधिक जगहों पर लगी आग : जिले के अलग-अलग गांव में सोमवार को दमकल विभाग को आग लगने की करीबन 25 सूचना प्राप्त हुई। यह सूचना खेतों में फसल कटाई के बाद फांसों में लगने की है।
सोमवार शाम को धांधलन, दुजाना, मातनहेल, दादरी, सुरेहती, बिरड, मछरौली सहित अन्य गांव के खेतों की फांसों में आग लगी। आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया।
दमकल विभाग के पास झज्जर में तीन व बेरी में एक गाड़ी मौजूद है। सभी गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया, लेकिन गाड़ियों की कमी के कारण सभी गाड़ियों तुरंत मौके पर नहीं पहुंच पाई।
तेज आंधी की वजह से शहर की बिजली सप्लाई की बंद
शहर में देर शाम अचानक तेज आंधी शुरू हो गई, जिसके चलते बिजली निगम की तरफ से शहर की सप्लाई बंद की गई। सोमवार देर शाम को तेज आंधी के कारण बिजली नहीं होने के चलते शहर में अंधेरा छा गया। इस कारण घरों में बिजली नहीं होने के कारण लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आंधी शुरू होने के बाद बिजली निगम ने शहर की बिजली को बंद कर दिया। वहीं, इसके बाद सूचना जारी की गई कि मौसम खराब होने के कारण बिजली बंद की गई है। मौसम साफ होने के बाद बिजली को सुचारू किया जाएगा।