झज्जर। जिले में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। पिछले तीन दिनों से सुबह और दोपहर के समय बारिश हो रही है। मंगलवार को भी दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुआ बारिश का दौर शाम साढ़े पांच बजे तक रुक-रुककर जारी रहा। कभी तेज तो कभी बूंदाबांदी के बीच हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई।
हल्की बारिश के बावजूद बाजारों को जाने वाले प्रमुख रास्तों पर पानी जमा हो गया। नालों के ओवरफ्लो होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के बाद बीकानेर चौक, आंबेडकर चौक से बाजार, सिलानी गेट से बाजार जाने वाले मार्ग, आर्य नगर और दमदमा मोहल्ला सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश अरोड़ा ने बताया कि आंबेडकर चौक से बाजार की तरफ बारिश के बाद रोजाना जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे जहां लोगों को परेशानी होती है, वहीं दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि आंबेडकर चौक क्षेत्र ऊंचा होने के कारण पानी बाजार की तरफ आ जाता है, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान हरियाणा समेत आसपास के क्षेत्रों में मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में हल्की बारिश व बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश से तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रशासन को जल निकासी के इंतजाम दुरुस्त करने की जरूरत है।