संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। ग्राम शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आयोजित खुली बैठक में पात्र व अपात्र लाभार्थियों के चयन को लेकर विवाद हो गया। बैठक में एक महिला, प्रधान प्रतिनिधि व ग्राम सचिव के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
मामले को लेकर दोनों पक्षों ने तहसील समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम सचिव सुनील कुमार ने खंड विकास अधिकारी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि बैठक में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने वायरल वीडियो भी शिकायत के साथ संलग्न किया है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दूसरी ओर संबंधित महिला ने भी तहसील समाधान दिवस में शिकायत देकर उसके साथ हुई अभद्रता की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। तहसील प्रशासन ने दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस संंबंध में खंड विकास अधिकारी शिखर श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।