-फोटो 83 : बहादुरगढ़ से गुजरता केएमपी एक्सप्रेस-वे। संवाद
- फोटो : Archive
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ से होकर गुजर रहे कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर आसौदा के आसपास रात के समय अंधेरा हादसों को न्योता दे रहा है। लंबे समय से अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बारिश के मौसम में सड़क पर बने गड्ढे और घुप अंधेरा मिलकर हालात को और भी गंभीर बना रहे हैं। केएमपी थाना प्रभारी पवन कुमार ने इस गंभीर समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए जल्द समाधान की आवश्यकता जताई है। वहीं, एसीपी ट्रैफिक प्रदीप कुमार ने भी एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को पत्र भेजकर खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।
वाहन चालक सुरेश कुमार, पवन जिंदल, सुखबीर सिंह और मनोज नंदा ने बताया कि रात के समय भारी वाहनों सहित अन्य वाहन चालकों को सड़क का सही अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में जरा-सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वाहन चालकों का कहना है कि एक्सप्रेसवे जैसी व्यस्त सड़क पर लंबे समय तक स्ट्रीट लाइटों का बंद रहना संबंधित विभाग की लापरवाही को दर्शाता है।
सड़क सुरक्षा संगठन के सदस्य सतीश शर्मा ने कहा कि केएमपी एक्सप्रेसवे पर होने वाली दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में बंद स्ट्रीट लाइटें और सड़क पर बने गड्ढे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन कमियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में बड़े और जानलेवा हादसे हो सकते हैं।
क्षेत्र के वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बंद स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सड़क के गड्ढों को भी भरवाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले व्यवस्था दुरुस्त हो सके।
वर्जन
लगातार बारिश के कारण कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं। इन्हें ठीक कराने का कार्य जारी है और मरम्मत में तेजी लाकर सभी लाइटों को जल्द चालू कर दिया जाएगा।
-प्रवीण बेनीवाल, एक्सईएन, एचएसआईआईडीसी, बहादुरगढ़।