फोटो नंबर- 20रस्साकशी मुकाबले में दम-खम दिखाते खिलाड़ी। संवाद
नारनौल। गांव पटीकरा स्थित बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में खेल महोत्सव खेल तरंग के तीसरे दिन कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी और लॉन्ग जंप सहित अन्य खेलों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं का संचालन स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्य डॉ. संदीप, डॉ. मुनेश, डॉ. रितेश और डॉ. जितेंद्र सुहाग के निर्देशन में किया गया।
पुरुष वर्ग में क्रिकेट और रस्साकशी में बीएएमएस 2023 बैच तथा वॉलीबॉल और खो-खो में बीएएमएस 2022 बैच की टीम विजेता रही। ऊंची कूद में मोहित शर्मा और शतरंज में दिशू सैनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में शतरंज में नीतू, बैडमिंटन एकल में नैंसी, बैडमिंटन युगल में नैंसी और सृष्टि तथा टेबल टेनिस में रिया प्रथम रहीं।
प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास गुज्जरवार ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी हैं। खेलों से सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जिसकी ऊर्जा का सीधा असर पढ़ाई पर भी पड़ता है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जो विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।