गोंडा। हुनर को कारोबार में बदलकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। मक्के से आटा, दलिया, लड्डू, बिस्किट और नमकीन जैसे उत्पाद तैयार कर कमाई कर सकती हैं। शनिवार को बहराइच रोड स्थित रुद्रपुर विशेन के ड्रीम लैंड पब्लिक स्कूल में अमर उजाला की ओर से आयोजित अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में महिलाओं को स्वरोजगार के ऐसे ही अवसरों की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि उपायुक्त उद्योग बाबूराम ने उद्योग विभाग की योजनाओं, निशुल्क टूलकिट और बैंक ऋण की प्रक्रिया बताई। उन्होंने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत जिले में दाल, मक्का और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाएं मक्के से कई तरह के खाद्य उत्पाद तैयार कर कारोबार शुरू कर सकती हैं। इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रमाणपत्र के साथ स्वरोजगार के लिए निशुल्क टूलकिट उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। कारोबार बढ़ाने के लिए बैंक ऋण दिलाने में भी विभाग मदद करता है।
ट्रेनर ऊषा तिवारी ने कहा कि महिलाओं में खाना बनाने का हुनर तो होता ही है। जरूरत इस हुनर को रोजगार से जोड़ने की है। मास्टर ट्रेनर कमलेश त्रिपाठी ने मक्के से लड्डू, हलुआ, बिस्किट, नमकीन और तिल टिक्की बनाने की विधि बताई। गुजरात की बाखड़ बड़ी जैसे उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचने के विकल्प भी समझाए। कार्यक्रम में सहायक सांख्यिकी अधिकारी (उद्योग) तृप्ति श्रीवास्तव, राधा, सुषमा तिवारी, नीतू, सीमा प्रजापति, रुखसाना, रीतू उपाध्याय और रानू समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
महिलाओं ने जानी आत्मनिर्भर बनने की राह
सवाल : स्नातक हूं लेकिन घर की जिम्मेदारियां ही संभाल रही हूं। आत्मनिर्भर बनने के लिए क्या करूं? -अजीता मौर्या
जवाब : मक्के से लड्डू और हलुआ जैसे उत्पाद तैयार कर कारोबार शुरू कर सकती हैं। इसके लिए प्रशिक्षण लेकर बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद बनाएं।
सवाल : मक्के से कौन-कौन से उत्पाद बनाकर कमाई कर सकते हैं? -अनीता मिश्रा
जवाब : मक्के से नमकीन, लड्डू, बिस्किट और तिल टिक्की जैसे उत्पाद तैयार कर बाजार में बेच सकती हैं।
सवाल : आत्मनिर्भर बनकर भाई-बहनों को पढ़ाना चाहती हूं। कैसे आगे बढ़ूं? -बेबी नाज
जवाब : बेहतर प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार शुरू करें। उद्योग विभाग कारोबार स्थापित करने और आने वाली समस्याओं के समाधान में हरसंभव मदद करेगा।
सवाल : मक्के की रोटी बनाना जानती हूं, अब इस हुनर को कारोबार में कैसे बदलूं? -माया देवी
जवाब : पहले प्रशिक्षण हासिल करें। इसके बाद जरूरत के अनुसार निशुल्क टूलकिट और बैंक ऋण की सुविधा मिल सकती है। आत्मविश्वास के साथ काम शुरू करें।