झज्जर। मंडियों में फसल उठान के बाद गाड़ियों के आउटर गेट पास ऑनलाइन नहीं होने की स्थिति में मैनुअल किया जाए। यह आदेश कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को निरीक्षण के दौरान दिए हैं। आढ़ती इससे निराश हैं उनका कहना है कि आउट गेट पास मैनुअल होने पर जमींदार की पेमेंट अटकने की उम्मीद है। पोर्टल में सुधार हो तो समस्या दूर हो।
जिले की अनाज मंडियाें में बुधवार को कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने दौरा किया। इस दौरान झज्जर अनाज मंडी में किसानों व आढ़तियों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
ई-खरीद पोर्टल ठीक नहीं चलने से परेशान किसानों ने उसमें सुधार करने की मांग रखी। आढ़तियों ने मंत्री के सामने नमी व मैनुअल गेट पास जारी किए जाने की मांग रखी लेकिन मंत्री की तरफ से आढ़तियाें व किसानों को कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिला।
आउटर गेट पास साइट खराब होना बनी समस्या
झज्जर अनाज मंडी में फसल उठान के बाद आउटर गेट पास साइट खराब होने के चलते परेशानी हो रही थी। मंडियों में उठान के बाद भरे ट्रक खड़े रहते थे। बुधवार को झज्जर अनाज मंडी मंत्री श्याम सिंह राणा ने आउटर गेट पास ऑनलाइन न कटने की स्थिति में मैनुअल काटने के आदेश दिए तो मंडी आढ़ती मायूस हो गए।
अनाज मंडी झज्जर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विनोद पूनिया ने बताया कि फसल के उठान के बाद आउटर के लिए मैनुअल गेट पास केवल औपचारिकता है लेकिन जब तक गेट पास साइट पर ऑनलाइन नहीं होंगे तब तक जमींदार की पेमेंट नहीं आएगी। अगर आउटर गेट पास नीति में सुधार किया जाता है तो जमींदार को भी फायदा होगा।
बुधवार को भी साइट पर नहीं हो रहा था काम
झज्जर अनाज मंडी में बुधवार को सुबह गेट पास काटने वाली साइट काम नहीं कर रही थी जिस कारण कुछ किसान बिना गेट पास कटवाए अपनी फसल को आढ़तियों के पास डालकर चले गए। किसान लगातार ई-गेट पास नीति की बजाय पुरानी गेट पास नीति लागू करने की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में मंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से जो भी योजनाएं चलाई जा रही हैं वह किसान हित में हैं। पुराने सिस्टम में ढलने वालों को बाहर निकलने में कुछ दिक्कतें आती हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने किया मंडी का दौरा, सरकार पर साधा निशाना
रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद दीपेंद्र हुड्डा प्रदेश की पूर्व मंत्री व मौजूदा कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल व बादली हलके के कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के साथ झज्जर अनाज मंडी में गेंहू की खरीद का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने मंडियों में किसान और आढ़तियों को आ रही परेशानी को लेकर हरियाणा सरकार को संदेह के कठघरे में खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि मंडियों में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। सरकार के लिए इससे शर्म की बात ओर क्या होगी कि प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा गेहूं की कटाई और खरीद के समय पर बरसात को अच्छा बता रहे हैं।
यदि ऐसा है तो कृषि मंत्री को किसानों को नमी में भी छूट देनी चाहिए। गेहूं खरीद के दौरान मंडियों में किसानों के जो अंगूठे के निशान लिए जा रहे हैं वह एक तरह से किसानों की घेटी में अंगूठा लगाया जा रहा है।
दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के उस बयान पर भी कटाक्ष किया जिसमें बड़ौली ने कहा था कि विपक्षी पार्टियों के लोग अनाज मंडियोंं में टूरिज्म की तरह भ्रमण करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़ौली को नहीं भूलना चाहिए कि आज यदि मंडियों में गेंहू की खरीद हो रही है तो यह उन साढ़े सात सौ किसानों की शहादत है। नहीं तो आज न मंडी बची होती और न ही गेंहू की खरीद हो रही होती।
एक ही संकल्प, किसान व आढ़ती न हो परेशान : मंत्री
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को मार्किट कमेटी के कार्यालय में गेहूं खरीद से संबंधित हर विभाग के अधिकारी के साथ सीधा संवाद किया और मंडी की व्यवस्थाओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सीएम नायब सैनी के आदेश पर इन दिनों उनकी पार्टी का हर विधायक और मंत्री मंडियों में है। अभय चौटाला और दीपेंद्र हुड्डा की तरफ से सरकार पर मंडियों में फैली अव्यवस्थाओं का आरोप लगाने वाले सवाल का जवाब देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि अभय चौटाला जहां खेतीबाड़ी करने वाले किसान है। वहीं, सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी किसान है जोकि संसद के पटल में दो-दो फुट का आलू उगाए जाने की बात करते हैं।
15jjrp27- झज्जर। झज्जर अनाज मंडी का जायजा लेने पहुंचे कृषि मंत्री। स्रोत- सूचना विभाग