16 से 24 अप्रैल तक किया जाएगा आयोजन
14 पंचायतों में भर्ती किए जाएंगे पशु मित्र
संवाद न्यूज एजेंसी।
कुल्लू। प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग में पशु मित्रों की भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल्लू में 16 अप्रैल से फिजिकल टेस्ट शुरू होने जा रहे हैं। यह प्रक्रिया 16 से 24 अप्रैल तक जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जाएगी।
पशुपालन विभाग कुल्लू के सहायक निदेशक एवं कार्यकारी उपनिदेशक डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि आनी उपमंडल में 16 अप्रैल को मेला मैदान में पशु मित्रों के फिजिकल टेस्ट आयोजित होंगे। इसके बाद 17 अप्रैल को बंजार विधानसभा क्षेत्र के सैंज मेला मैदान और 18 अप्रैल को निरमंड में अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए 23 अप्रैल को बाशिंग पुलिस मैदान में भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, जबकि 24 अप्रैल को कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट पुलिस ग्राउंड में लिए जाएंगे। डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले की 14 पंचायतों में पशु मित्रों के रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती की जा रही है। इसके लिए विभाग की ओर से एक समिति का गठन भी किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगी। फिजिकल टेस्ट के मानकों के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों को 5000 मीटर की दौड़ 30 मिनट में पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करना अनिवार्य होगा। उन्होंने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अपने नजदीकी पशुपालन विभाग कार्यालय से संपर्क करें और निर्धारित तिथियों पर समय पर उपस्थित हों।