11jjrp18- लघु सचिवालय में अधिकारियों को ज्ञापन देते यादव समाज के लोग। संवाद
यादव महासभा ने जिला प्रधान वीरेंद्र दरोगा की अध्यक्षता में प्रोफेसर संगीत रागी द्वारा यादव समाज के खिलाफ कथित रूप से की गई अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर कृष्ण भवन सिलानी गेट से रोष प्रदर्शन कर अधिकारियों को लघु सचिवालय में ज्ञापन सौंपा।
यादव महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी समाज, जाति या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करना सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए उचित नहीं है। इस प्रकार की टिप्पणियों से समाज के लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। महासभा ने प्रशासन से मांग की कि प्रोफेसर संगीत रागी द्वारा यादव समाज के प्रति की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। जिला प्रधान वीरेंद्र दरोगा ने कहा कि यादव समाज अपने मान-सम्मान और स्वाभिमान के प्रति सजग है। समाज किसी भी प्रकार के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि महासभा का उद्देश्य कानून के दायरे में रहकर न्याय प्राप्त करना और समाज में सम्मान, भाईचारा एवं शांति बनाए रखना है। यादव महासभा ने प्रशासन से ज्ञापन पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर महेंद्र यादव, विजय यादव, उजाला साहब, एचएस यादव, बिल्लू सुलोधा, कृष्ण दहिया, उदय सिंह, महावीर सिंह, महेंद्र, नाहर सिंह, मेनपाल, राजेंद्र पलड़ा, राव अभय सिंह, कर्ण सिंह, भरत सिंह मौजूद रहे।