बादली। जिला शिक्षा विभाग झज्जर की ओर से आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19) के लड़कों के वर्ग के फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले शनिवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुए। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव अंकुश कुमार, एईओ सत्यवीर चंद्र तथा डीपीई मीतेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोयंका (बेरी) ने हार्दयाल पब्लिक स्कूल को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 वर्ग में महाराजा सूरजमल ने रामा भारती को 3-0 से पराजित किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में स्कॉलर बाल भवन, बहादुरगढ़ ने एसएफएस बिरधाना को 3-0 से हराकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इसके अलावा एक अन्य मुकाबले में आरईडी झज्जर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोयंका (बेरी) को 4-3 से हराया। प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।