भरथना(इटावा)। लखनऊ में स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर भवन में बुधवार को विश्व दिव्यांगता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सीएम ने भरथना के नगला विधी( साम्हों) गांव निवासी भाला फेंक पैरा एथलीट अजीत सिंह को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया।
वर्ष 2017 में ट्रेन यात्रा के दौरान अपने दोस्त को बचाने में अपना हाथ गंवा चुके अजीत सिंह ने हार नही मानी। शिक्षा के साथ-साथ भाला फेंक प्रतिस्पर्धा से जुड़े रहे। पेरिस में आयोजित पैरालंपिक खेल में अजीत सिंह ने रजत पदक जीत कर देश, प्रदेश समेत क्षेत्र का नाम रोशन किया था। पैरा एथलीट ने बताया कि बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ ही प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में दिव्यांगजन विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप भी मौजूद रहे। बेटे को राज्य पुरस्कार मिलने पर अजीत के पिता सुभाष चंद्र यादव, चाचा नीरज यादव सहित पूर्व मंत्री अशोक यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव बंटी ने हर्ष जताया।