फोटो-55: बहादुरगढ़ के लाल चौक पर अधिकारियों के साथ निरीक्षण करतीं चेयरपर्सन सरोज राठी। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के लाल चौक पर रेलवे रोड और नाहरा-नाहरी रोड के सामने दिल्ली-रोहतक रोड के डिवाइडर का जल्द सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मेट्रो लाइन के नीचे चल रही डिवाइडर सौंदर्यीकरण योजना के तहत इस स्थान को आकर्षक बनाया जाएगा। शुक्रवार को नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने परिषद के जेई नीरज, जेई आकाश, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जेई और यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया।
चेयरपर्सन ने बताया कि चौक पर लगे सीमेंट-कंक्रीट के बैरिकेड हटाकर उनकी जगह लोहे की ग्रिल लगाई जाएगी। इससे चौक की सुंदरता बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि दोनों कटों पर वीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए करीब 30-30 फीट चौड़ा रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा, जिसे जरूरत पड़ने पर खोला जा सकेगा।
सरोज राठी ने कहा कि वर्तमान में लाल चौक का डिवाइडर बेतरतीब नजर आता है। सौंदर्यीकरण के बाद यह शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। नगर परिषद शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।