फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंतजार खत्म, नगर पालिका की सीमा का होगा विस्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
जल्द ही नगर पालिका की सीमा का विस्तार हो जाएगा। सुझाव और आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद इसकी फाइल मंजूरी के लिए शासन को भेज दी गई है। मंजूरी मिलने के बाद नगर की कॉलोनियों और कुछ गांवों की सीमाओं को नगर पालिका में शामिल कर लिया जाएगा। इससे शहर का क्षेत्रफल बढ़ जाएगा। साथ ही बुनियादी समस्याओं से जूझ रही कॉलोनियों में विकास कार्य भी होने शुरू हो जाएंगे। आबादी बढ़ने से विकास प्राधिकरण की राह भी आसान हो जाएगी।
विज्ञापन

खुर्जा नगर को वर्ष 1935 में नगर पालिका घोषित किया गया था। वर्ष 1967 के बाद से नगर पालिका की सीमा का विस्तार नहीं हुआ। काफी समय से इसके सीमा विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। वर्ष 2008 में शासन ने नगर निकायों के सीमा विस्तार की मंशा जताई तो नगर के आसपास के क्षेत्र को पालिका में शामिल करने का प्रस्ताव बोर्ड से पास कराकर शासन को भेजा गया था। 12 साल से शहर के विस्तार को लेकर माथापच्ची चल रही थी। वर्ष 2011 फिर से शासन को रिमाइंडर के लिए पत्रावली भेजी गई थी। तभी से नगर पालिका विस्तार का मामला विचाराधीन है। इसके बाद पिछले वर्ष दिसंबर माह में विधायक विजेन्द्र सिंह ने मुख्य मंत्री से भेंटकर नगर पालिका विस्तार की मांग की। इसके बाद से इसके लिए फिर से प्रक्रिया शुरू हुई। अब नगर क्षेत्र की कॉलोनियों और कुछ गांवों की सीमाओं को शामिल कर आपत्ति और सुझाव मांगे गए थे। इसकी फाइल नगर पालिका द्वारा शासन को भेजी गई है। अब शासन से मंजूरी मिलने के बाद उन्हें नगर पालिका में शामिल कर लिया जाएगा।
सीमा विस्तार से 50 हजार लोगों को होगा फायदा
नगर पालिका के सीमा विस्तार से करीब 50 हजार लोगों को फायदा मिलेगा। दरअसल आसपास के गांवों का शहरीकरण हो चुका है। सीमा विस्तार न होने के कारण शहर और गांव के उस क्षेत्र में रहने वाले लोगों में हमेशा दुविधा की स्थिति बनी रहती है। सीमा विस्तार होने से यह दुविधा समाप्त हो जाएगी। साथ ही नगर क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, खडंजा आदि जो सुविधाएं उपलब्ध हैं उसका लाभ सम्मिलित की गई कॉलोनियों और गांव की सीमाओं से सटे क्षेत्र के लोगों को मिलने लगेगा। सीमा वृद्धि से नगर पालिका की आय तीन गुना बढ़ जाएगी।
विज्ञापन

नगर पालिका में शामिल होंगी कॉलोनियां और गांव की सीमाएं
नगर पालिका सीमा विस्तार के अंतर्गत नगर क्षेत्र की पंववटी कॉलोनी, रामलीला मैदान के पीछे बंबे का क्षेत्र, नवीन मंडी बाईपास तक, शिकारपुर बाइपास तक नगर की सीमा से सटी कॉलोनियां, चंद्रलोक कॉलोनी, मुरारी नगर चौंचदा, किला गांव की सीमा से सटी कॉलोनिया, बोरोली गांव की सीमा से सटी कॉलोनिया, झमका गांव की सीमा से सटी कॉलोनिया, टैनी गांव की सीमा से सटी कॉलोनियां, वाजिदपुर गांव की सीमा की कॉलोनियां, सिद्धेश्वर मंदिर से किले की ओर की कॉलोनियां, गांव उष्मापुर की सीमा से सटी कॉलोनियां आदि को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल किया जाना है।
केडीए की राह भी होगी आसान
आबादी कम होने के चलते खुर्जा विकास प्राधिकरण के कई प्रस्ताव शासन में लंबित हैं। जगह न होने के कारण कॉलोनियां विकसित करने के लिए उन्हें जगह नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में अगर नगर पालिका का सीमा विस्तार हो जाएगा तो प्राधिकरण की राह भी आसान हो जाएगी। साथ ही क्षेत्र का विकास भी होगा।
नगर पालिका के सीमा विस्तार को लेकर अथक प्रयास किया गया। विस्तार न होने के कारण क्षेत्र लोगों की समस्याओं को शासन से अवगत कराया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर सीमा विस्तार की मांग की गई। साथ ही पत्राचार किया गया। काफी प्रयास के बाद अब शासन की तरफ से जल्द ही नगर पालिका विस्तार के लिए मंजूरी मिल जाएगी। शासन को इसके लिए फाइल भेज दी गई है।
= विजेन्द्र सिंह, विधायक खुर्जा
नगर पालिका की सीमा का विस्तार होने से क्षेत्र के लोगों को फायदा मिलेगा। नगर पालिका में जो क्षेत्र शामिल किए जाएंगे उनका विकास होगा। इसके लिए फाइल शासन को भेज दी गई है। उम्मीद है कि शासन से जल्द ही इसके लिए मंजूरी मिल जाएगी।
- परवीन फड्डा, नगर पालिका खुर्जा चेयरपर्सन
नगर पालिका सीमा विस्तार को लेकर फाइल शासन को भेज दी गई है। मंजूरी मिलने के बाद जो-जो क्षेत्र नगर पालिका सीमा के लिए प्रस्तावित किए गए हैं उन क्षेत्रों में विकास कार्य होंगे।
विज्ञापन

- लवी त्रिपाठी, एसडीएम खुर्जा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें