संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। प्रणव दहिया के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन, प्रियांशु शर्मा की अर्धशतकीय पारी और कौशल की प्रभावी गेंदबाजी की बदौलत झज्जर की टीम ने हिसार को तीन विकेट से हराकर अंडर-16 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए स्थित झज्जर क्रिकेट ग्राउंड में दोनों टीमों के बीच आखिरी लीग मुकाबला खेला गया।
झज्जर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी हिसार की टीम 38.4 ओवर में 139 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हिसार की ओर से हार्दिक भारद्वाज ने 81 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाए। झज्जर के लिए प्रणव दहिया ने 9.4 ओवर में महज 14 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि कौशल ने छह ओवर में 41 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झज्जर की टीम ने 40.4 ओवर में सात विकेट खोकर 143 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। प्रियांशु शर्मा ने 78 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। प्रणव दहिया ने भी 45 गेंदों में दो चौकों की मदद से 25 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया। हिसार की ओर से गेंदबाजी में हैप्पी प्रदीप कुमार ने 10 ओवर में 33 रन देकर चार विकेट लिए।
झज्जर ने जोन-बी की अंकतालिका में पांच मैचों में चार जीत और एक हार के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।