झज्जर। नागरिक अस्पताल में डिप्टी एमएस डॉ. यशपाल मोमिया की अध्यक्षता में विश्व जूनोसिस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नर्सिंग अधिकारी कविता गुलिया ने जूनोसिस (पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले रोग) के प्रति लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि विश्व जूनोसिस दिवस प्रतिवर्ष 6 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिवस फ्रांसीसी वैज्ञानिक लुई पाश्चर द्वारा रेबिज के सफल टीकाकरण की उपलब्धि की स्मृति में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा पशुओं का समय-समय पर टीकाकरण कराकर इन रोगों से बचाव के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर प्रियंका, प्रतिभा, कोमल, मोनिका, नवीन, विकास और सचिन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।