संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। सुबाना निवासी हितेश हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपी अनुज और अंकित को तुंबाहेड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन अभी तक मुख्य आरोपी दिकेश और एक अन्य सहआरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया गया है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। पुलिस कमिश्नर डाॅ. राजश्री सिंह ने कहा कि शुक्रवार रात सुबाना में अंधाधुंध फायरिंग में हितेश की मौत के बाद से ही पुलिस टीम दिकेश सहित चारों हमलावरों की तलाश में जुटी हुई थी।
मंगलवार को सूचना मिली कि दो आरोपी अनुज और अंकित गांव तुंबाहेड़ी में छिपे हुए हैं। टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की बात कही है।
जिगरी दोस्त से बने दुश्मन
हितेश और दिकेश पहले जिगरी दोस्त हुआ करते थे। एक साथ उठना-बैठना और घूमना-फिरना होता था। मगर किसी बात पर अनबन को लेकर दोनों की दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। दुश्मनी भी ऐसी की वह एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए। करीब चार साल पहले हितेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिकेश पर जानलेवा हमला किया था। अब दिकेश ने हितेश की बेरहमी से हत्या ही कर डाली।
वारदात में प्रयोग हथियार नहीं हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार तो कर लिया। लेकिन वारदात में प्रयोग हथियार बरामद नहीं हो पाए हैं। मुख्य आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।
गैंगस्टर एंगल से पुलिस का इंकार
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट प्रसारित की गई जिसमें रोहित गोदारा गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। साथ ही लिखा था कि अभी और लोगों को भी निशाना बनाया जाएगा हालांकि पुलिस कमिश्नर का कहना है कि अभी तक इस मामले में गैंगस्टर एंगल की कोई भूमिका सामने नहीं आई है।