हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ओर से हरियाणा मुक्त विद्यालय परीक्षा मार्च-2022 की सेकंडरी व सीनियर सेकंडरी परीक्षा के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। इसमें फ्रेश, क्रेडिट ट्रांसफर पॉलिसी (सी.टी.पी.)/रि-अपीयर, कंपार्टमेंट, अंक सुधार, अतिरिक्त विषय एवं स्वयंपाठी पूर्ण विषय परीक्षा के भी परिणाम शामिल हैं। इन परीक्षाओं में भी छात्राओं ने छात्रों के मुकाबले पास प्रतिशत में बढ़त हासिल की है। परीक्षार्थी अपने परीक्षा परिणाम को बोर्ड की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह एवं सचिव कृष्ण कुमार ने परीक्षा परिणाम की घोषणा करते हुए मीडिया को बताया कि सेकंडरी ओपन स्कूल (फ्रेश) मार्च-2022 की परीक्षा का परिणाम 24.93 फीसदी और सेेकंडरी ओपन स्कूल (सीटीपी/रि-अपीयर) मार्च-2022 की परीक्षा का परिणाम 50.83 फीसदी रहा है। वहीं सीनियर सेकंडरी ओपन स्कूल (फ्रेश) मार्च-2022 की परीक्षा का परिणाम 33.89 फीसदी और सीनियर सेकंडरी ओपन स्कूल (सीटीपी/रि-अपीयर) मार्च-2022 की परीक्षा का परिणाम 54.94 फीसदी रहा है।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि सेकंडरी ओपन स्कूल (फ्रेश) की परीक्षा में 20,174 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 5,029 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए और 15,145 परीक्षार्थियों की रि-अपीयर आई है। इस परीक्षा में कुल 20,174 परीक्षार्थियों में 12,843 छात्र थे, जिनमें से 2,977 पास हुए। इनका पास प्रतिशत 23.18 रहा है, जबकि 7,331 प्रविष्ठ छात्राओं में से 2,052 पास हुईं, इनका पास प्रतिशत 27.99 रहा है।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में छात्राओं ने छात्रों की अपेक्षा पास प्रतिशत में 4.81 की बढ़त दर्ज की है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 24.58 रहा है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशत 25.84 रहा है। सेकंडरी ओपन स्कूल (सीटीपी/रि-अपीयर) की परीक्षा में 12,385 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 6,300 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए और 6,095 परीक्षार्थियों की रि-अपीयर आई है। इनका पास प्रतिशत 50.83 रहा है।
बोर्ड सचिव ने बताया कि सीनियर सेकंडरी ओपन स्कूल (फ्रेश) की परीक्षा में 23,886 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 8,096 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए और 15,790 परीक्षार्थियों की रि-अपीयर आई है। इस परीक्षा में 15,575 छात्र थे, जिनमें से 4,301 पास हुए, इनका पास प्रतिशत 27.61 रहा है, जबकि 8,311 प्रविष्ठ छात्राओं में से 3,795 पास हुई, इनका पास प्रतिशत 45.66 रहा है।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में छात्राओं ने छात्रों की अपेक्षा पास प्रतिशत में 18.05 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 31.35 रहा है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 39.93 रहा है। सीनियर सेकेंडरी ओपन स्कूल (सीटीपी/रि-अपीयर) की परीक्षा में 6,947 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 3,817 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए और 3,130 परीक्षार्थियों की रि-अपीयर आई है। इनका पास प्रतिशत 54.94 रहा है।