मेरठ में क्राइम ब्रांच और दौराला पुलिस ने मंगलवार को गे क्लब बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। इस गिरोह के सरगना सुमित ने फेसबुक पर अपना अकाउंट बनाया हुआ था, जिसके जरिये वह युवकों को जाल में फंसाता था। करीब 25 युवकों को यह गिरोह अपना शिकार बना चुका है। इस गिरोह में 25 युवक शामिल हैं, जिनमें से पुलिस ने चार को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी और सीओ दौराला बीएस वीर कुमार ने मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर आरोपी सुमित पुत्र रमेश चंद निवासी दबथुवा सरधना, नितिन पुत्र रामबीर, सोनू पुत्र सोमबीर निवासी जिंझोकर कंकरखेड़ा और देवेंद्र पुत्र रणजीत निवासी तोफापुर इंचौली को मीडिया के सामने पेश किया। क्राइम ब्रांच ऑफिस में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनका गे क्लब के नाम से गिरोह है। सुमित ने फेसबुक पर कुलजीत जाट के नाम से अकाउंट बनाया हुआ था। जिसमें जनपद के 30 से अधिक गे (समलैंगिक) युवक जुड़े हैं। सुमित फेसबुक पर चैट करके बात आगे बढ़ाता था। उसके बाद शिकार को सेफ अड्डों पर बुलाया जाता था। युवक को दबोचकर कुकर्म किया जाता था। उसके बाद ये लोग उसे लूटकर फरार हो जाते थे। करीब 25 युवकों से सुमित और उसके साथी ऐसी वारदात कर चुके हैं। समाज में बदनामी के डर से पीड़ित किसी से शिकायत भी नहीं करते थे।