सतनाली। लंबे समय से अधूरा पड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सतनाली के भवन निर्माण कार्य ने एक बार फिर गति पकड़ ली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस परियोजना के लिए 5.38 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर जारी किए जाने के बाद निर्माण एजेंसी ने दोबारा काम शुरू कर दिया है। कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि सीएचसी भवन का निर्माण कार्य काफी समय पहले शुरू हुआ था, लेकिन प्रशासनिक और तकनीकी कारणों के चलते बीच में ही रुक गया था। निर्माण कार्य बंद होने के कारण भवन अधूरा पड़ा रहा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। लोगों ने कई बार सरकार और प्रशासन से निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग उठाई थी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार सीएचसी भवन का करीब 65 प्रतिशत कार्य पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन बजट के अभाव में काम रुक गया था। इसके बाद विभाग की ओर से रिवाइज एस्टीमेट भेजा गया। बजट स्वीकृत होने और 5.38 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है।
नया सीएचसी भवन तीन मंजिला बनाया जाएगा। इसके साथ ही चिकित्सकों और स्टाफ के लिए आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। भवन तैयार होने के बाद अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा कक्ष, प्रसूति सेवाएं, आपातकालीन उपचार, ओपीडी, वार्ड, प्रयोगशाला सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे सतनाली सहित आसपास के दर्जनों गांवों के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
क्षेत्र के पूर्व सरपंच रवि जड़वा, अजय शर्मा पूर्व सरपंच नांगल माला, पूर्व सरपंच महिपाल डिगरोता, राकेश नंबरदार जड़वा, टिंकू जड़वा और विकास सोनी ने निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार परियोजना निर्धारित समय में पूरी होगी और क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
वर्जन:
लोक निर्माण विभाग की ओर से सतनाली सीएचसी के रुके हुए कार्य को दोबारा शुरू करवाया गया है। इसके लिए 5.38 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। जल्द ही कार्य पूरा कर इसे स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर किया जाएगा।
अनिल कुमार, जेई, लोक निर्माण विभाग, महेंद्रगढ़