मतदान के समय ली सेल्फी तो दर्ज हो गई रिपोर्ट (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव 2019 में चौथे चरण के मतदान के दौरान औरैया में कुछ लोगों ने ईवीएम पर वोट डालते हुए अपनी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने चुनाव की गोपनीयता भंग करने के आरोप में दो प्रधानों समेत तीन लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में मामला दर्ज करने के आदेश दिए।
लोकसभा क्षेत्र के औरैया विधानसभा क्षेत्र में तीन मतदान केंद्रों में वोट डालते समय फोटो खींचकर फेसबुक में वायरल करने पर दो प्रधान सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
सोमवार को औरैया में प्राथमिक विद्यालय जैतपुर में ग्राम प्रधान जितेंद्र यादव, जैतापुर इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रधान अभिषेक और संस्कृत पाठशाला में हिमांशु गुप्ता ने ईवीएम में वोट डालते समय फोटो खींचकर वायरल कर दी।
इस पर एसआई पान सिंह यादव ने तीनों के खिलाफ औरैया थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया है। इधर, इटावा सदर क्षेत्र में ईवीएम में खराबी आने से करीब दर्जन भर बूथों टड़बा स्माइलपुर, कुड़रिया, प्राथमिक विद्यालय भरथना, लीटेपुर, शाहकमर स्कूल, छतनापुर, प्राथमिक विद्यालय टिटावली, इस्लामिया इंटर कॉलेज, असदपुर प्राथमिक विद्यालय व सारंगपुर आदि मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू होने में देरी हुई।
सूचना मिलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने पहुंचकर ईवीएम को दुरुस्त किया। मतदान में विलंब होने से मतदाताओं में नाराजगी भी रही।