-29 जुलाई की रात निरीक्षण के दौरान हुआ था हादसा, सफदरजंग अस्पताल में घायल का चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। एचएनजी पावर हाउस परिसर में काम के दौरान करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसे सोनीपत निवासी चिराग के मामले में सिटी थाना पुलिस ने एसडीई, जेई और दो एसए के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित कर्मचारी ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
पुलिस को दी शिकायत में सोनीपत निवासी चिराग ने बताया कि वह अंबुजा कंपनी के माध्यम से बिजली निगम में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। 29 जुलाई की रात वह अपने साथी कर्मचारी नितिन के साथ ड्यूटी पर था। इसी दौरान 11 केवी परनाला फीडर पर ब्रेकडाउन की सूचना मिली, जिसके बाद दोनों फॉल्ट की जांच के लिए एचएनजी पावर हाउस पहुंचे।
चिराग ने बताया कि मौके पर मौजूद ऑपरेटर ने वीसीबी के पीछे ब्लास्ट होने की जानकारी दी। इसके बाद एसडीई और जेई ने उसे वीसीबी के पीछे जाकर जांच करने के निर्देश दिए। चिराग का आरोप है कि उसने कई बार बिजली आपूर्ति बंद होने की पुष्टि की थी। ऑपरेटर द्वारा सप्लाई बंद होने का भरोसा दिए जाने के बाद जैसे ही उसने जांच के लिए तार से शॉर्ट किया, अचानक तेज ब्लास्ट हो गया और उसे करंट लग गया।
हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत ब्रह्मशक्ति अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। थाना शहर एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।