बहादुरगढ़। शहर से गुजरने वाले बाईपास मार्ग पर अब रात के समय अंधेरा नहीं रहेगा। लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से दुरुस्त कराया जा रहा है। कर्मचारियों की टीम दिनभर लाइटों की मरम्मत और खराब उपकरण बदलने के कार्य में जुटी हुई है।
शहर के सेक्टर-9 निवासी सोनू कुमार, राजेंद्र शर्मा, पवन डागर, रितेश दहिया ने बताया कि बहादुरगढ़ बाईपास पर लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी थी। लाइट पोल तो लगे हुए थे लेकिन अधिकांश लाइटें रोशनी नहीं दे रही थी।
कई बार अंधेरे के कारण हादसों का खतरा भी बना रहता था। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की ओर से लगातार शिकायतें किए जाने के बाद अब एनएचएआई ने इस दिशा में कार्रवाई शुरू की है। कई स्थानों पर नई एलईडी लाइटें भी लगाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बाईपास से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में रोशनी व्यवस्था ठीक होने से सड़क सुरक्षा बेहतर होगी। वाहन चालकों प्रवीण कुमार, सुनील रोहिल्ला का कहना है कि लंबे समय बाद इस समस्या पर ध्यान दिया गया है। एनएचएआई से जुड़े कर्मचारियों के अनुसार पूरे बाईपास की लाइट व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से ठीक किया जा रहा है। जल्द ही सभी बंद पड़ी लाइटों को चालू कर दिया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग पर रोशनी सुनिश्चित हो।