ग्रेनो वेस्ट में सोमवार को हनुमान मंदिर के नजदीक बिसरख कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश दीपक यादव उर्फ डीपी यादव घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दीपक यादव पर 25 हजार का इनाम घोषित था।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि सोमवार की शाम बिसरख कोतवाली पुलिस हनुमान मंदिर के समीप वाहन चेकिंग कर रही थी। पुलिस को इनामी बदमाश दीपक यादव के ग्रेनो वेस्ट की तरफ से आने की सूचना मिली। शक होने पर पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश दीपक के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल और एक पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने बताया कि बरामद बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी।
वह हत्या में वांछित था। पतवाड़ी गांव के रहने वाले बदमाश दीपक उर्फ डीपी यादव ने 20 जून को एक घर में घुसकर परिवार के लोगों पर हमला कर दिया था। दो लोग अमित और रमेश को गोली लगी थी।
अमित की अस्पताल में मौत हो गई थी। पीड़ितों का आरोप है कि दीपक यादव उनके घर पर कब्जा करना चाहता है, जिसके कारण घटना को अंजाम दिया। एसएसपी ने बताया कि दीपक के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।