साल्हावास। क्षेत्र के गांव मातनहेल में रविवार को आयोजित सम्मान समारोह में यूपीएससी की परीक्षा में देश में तीसरा स्थान पाने वाले एकांश ढुल को सम्मानित किया गया। यह आयोजन कमेटियों, ग्रामीणों व पंचायत की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 2023 बैच के आईएएस एसडीएम रवि मीणा ने एकांश को सम्मानित किया।
एसडीएम ने कहा कि एकांश की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इससे यह साबित होता है कि छोटे गांवों से भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने एकांश ढुल को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि को प्रदेश व देश के लिए गौरव बताया। डीईओ रितेंद्र सिंह व बीईओ सुरेश पाल सुहाग ने भी युवाओं को एकांश ढुल से प्रेरणा लेकर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
एकांश ढुल ने कहा कि निरंतर मेहनत, सही दिशा और धैर्य को सफलता की कुंजी है। एकांश ने चंडीगढ़ के भवन विद्यालय से दसवीं और संत कबीर पब्लिक स्कूल से 12वीं कक्षा की पढ़ाई की। हायर एजुकेशन के लिए उन्होंने दिल्ली का रुख किया। वहां श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बीए ऑनर्स किया।
एकांश ढुल के पिता कृष्ण ढुल भाजपा नेता और हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। उनकी मां निर्मल ढुल पंचकूला के एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल हैं। एकांश इससे पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं। हरियाणा के पंचकूला के एकांश ढुल ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल रिजल्ट में देश भर में तीसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एकांश ढुल से व्यक्तिगत रूप से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दे चुके हैं। एकांश ढुल ने साल 2024 में यूपीएससी परीक्षा में 342वीं रैंक हासिल की। इसके बाद 2025 में 295वीं और फिर 2026 के परिणाम में देश में तीसरा स्थान हासिल कर अपने दृढ़ संकल्प का लोहा मनवाया है।
इस अवसर पर एकांश ढुल के पिता पूर्व चेयरमैन कृष्ण ढुल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, बलराज फौगाट, महेंद्र यादव, डॉ. राजेश सिंगल, राजेंद्र शर्मा, सतबीर यादव, भूप शास्त्री मातनहेल, सोनू, अशोक उर्फ पप्पू सुहाग, वीरभान, अमित अहलावत, गुरदीप सुहाग, ओमप्रकाश पीटीआई, बनारसी ठेकेदार सेलंहगा, संजीत सुहाग, साहिल ठेकेदार छुछकवास उपस्थित रहे।