28jjrp03-जिला बाल कल्याण समिति झज्जर के चेयरमैन सतीश जाखड़।
झज्जर। जिले में होने वाली शादियों पर प्रशासन की विशेष नजर है। इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि जिले में कोई बाल विवाह न हो। जिला बाल कल्याण समिति झज्जर के चेयरमैन सतीश जाखड़ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में सभी वर्गों से अपील की है कि बाल विवाह जैसी कुरीति को मिटाने में आगे आएं।
बताया कि 18 साल से कम उम्र की लड़की और 21 साल से कम उम्र के लड़के का विवाह करना संज्ञेय और गैर जमानती अपराध है। इसके अलावा बाल विवाह की कोई कानूनी मान्यता नहीं है। सतीश जाखड़ ने कहा कि ऐसा कोई भी व्यक्ति जो बाल विवाह करवाता है, उसको बढ़ावा देता है या उसमें सहायता करता है, उसको दो साल तक की कड़ी सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
बाल विवाह से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में कमी आती है। साथ ही बाल विवाह से बच्चों के उत्पीड़न व शोषण को बढ़ावा मिलता है। बाल विवाह भी एक तरह की हिंसा है, जिसे समाज में जागरूकता व हस्तक्षेप से रोका जा सकता है। चेयरमैन ने बताया कि जिले में बाल विवाह रोकने के लिए सघन अभियान चलाया गया है, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग, एमडीडी ऑफ इंडिया संस्था, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के आदेशानुसार से यह अभियान चलाया जा रहा है।
जिले में कई स्थानों पर बाल विवाह के मुद्दे पर कई जागरूकता कार्यक्रम किये गये हैं। सतीश जाखड़ ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि झज्जर जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करें। अगर किसी को भी अपने आसपास बाल विवाह के बारे में पता चले तो तुरंत संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी, 181 व डायल 112 में सूचित करें। इसके साथ-साथ सभी बैंकेट हॉल के मालिक, धार्मिक संस्थान, हलवाइयों, प्रिंटर व पंडितों से भी अनुरोध है कि वो शादी से पहले शादी होने वाले जोड़े की आयु की पड़ताल जरूर करें।