निघासन तहसील में धरने पर बैठे लेखपाल।संवाद
लखीमपुर खीरी। फतेहपुर की घटना से गुस्साए जनपद के लेखपालों ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने छह सूत्रीय मांगों के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित तहसील प्रशासन को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन के माध्यम से लेखपालों ने कहा कि फतेहपुर में एसआइआर में लगे लेखपाल सुधीर कुमार ने उस समय आत्महत्या कर ली, जब उसके घर जाकर राजस्व निरीक्षक ने एसडीएम संजय कुमार सक्सेना ने उसे बर्खास्त करने जैसी धमकी देने की सूचना दी। 26 नवंबर को लेखपाल सुधीर की शादी थी। बावजूद जिला प्रशासन असंवेदनशीलता दिखाते हुए लीपापोती कर दी। तहरीर व लेखपालों के अनुरोध के बाद भी 30 घंटे बाद तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
लेखपालों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि मुख्य आरोपी पीसीएस अधिकारी संजय कुमार सक्सेना का नाम अज्ञात के स्थान पर एफआईआर में नामजद किया जाए। मृतक की माता को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता और परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। एसआईआर की अंतिम तिथि बढाई जाए। कम समय में काम पूरा करने का दबाव कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं जीवन को खतरे में डाल रहा है।
लेखपालों को प्रोत्साहन राशि के रूप में एक माह के वेतन के बराबर मानदेय भुगतान दिया जाए। इस दौरान लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा, जिला महामंत्री राम कृष्ण, तहसील अध्यक्ष अमित दीक्षित, तहसील मंत्री राहुल श्रीवास्तव आदि लेखपाल मौजूद रहे।